लखनऊ, राजकीय फार्मेसिस्ट महासंघ की लखनऊ शाखा की बलरामपुर चिकित्सालय में आज हुई बैठक में प्रमुख रूप से सभी संविदा फार्मेसिस्टों का वेतन समान किये जाने की मांग की गई ।
बैठक की अध्यक्षता महासंघ के जनपद अध्यक्ष डॉ एस एन सिंह , संचालन मंत्री प्रह्लाद कन्नौजिया ने किया ।
महासंघ ने कल राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की रैली को सफल बनाने के लिये सभी सदस्यों का धन्यवाद दिया । बैठक में महानिदेशक के आदेश के बावजूद 4 माह से मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलिया द्वारा वेतन ना दिये जाने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए शासन से कार्यवाही की मांग की गई ।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी संवर्गों की
स्थानीय समस्याओ के लिए आयुर्वेद, होम्योपैथ , वेटेनरी के सभी जनपदीय अधिकारियों के साथ महासंघ की बैठक आयोजित की जाएगी ।
बैठक में सरकार से मांग की गई कि संविदा फार्मेसिस्ट के मानदेय के निर्धारण करते समय ग्रेड पे 4200 को आधार माना जाए । चिकित्सको की अनुपस्थिति में कार्य करने वाले फार्मेसिस्ट को अतिरिक्त भत्ता दिया जाए ।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि सभी विधाओं के फार्मेसिस्टों की मांगों के लिए महासंघ संघर्ष का रास्ता अख्तियार करेगा । जल्द ही महाप्रबंधक आयुष से बात करके आयुष फार्मेसिस्टों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा ।
बैठक को संबोधित करते हुए आयुर्वेद संघ के महामंत्री आनंद सिंह ने आयुर्वेद दवाओं के लिए बजट बढ़ाने की मांग की ।
डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसो की जनपद शाखा के अध्यक्ष जे पी नायक, मंत्री आर आर चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वी पी सिंह, उपाध्यक्ष ए पी सिंह ने फार्मेसिस्टों की मांगों पर सरकार की उदासीनता पर चिंता व्यक्त की, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष सुभाष श्रीवास्तव ने कहा कि सभी राज्य कर्मचारियों का वेतन समय पर दिये जाने हेतु जनपद के अधिकारियों से मांग किया जाएगा । प्रदेश संगठन मंत्री राजेश सिंह ने फार्मेसिस्टों के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला । उपाध्यक्ष अनुज ने वेटेनरी फार्मेसिस्ट की समस्या भी उठायी । जनपद उपाध्यक्ष अरविंद कुमार ने जिले में कुछ डिस्पेंसरियों में वेतन रोकने का मुद्दा उठाया ।
महामंत्री अशोक कुमार ने प्रदेश के सभी विभागों के साथियों का आभार जताया ।
डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसो के महामंत्री के के सचान ने कहा कि संघ की मांगों पर कार्यवाही ना होने के कारण अब संघ आंदोलन के रास्ते पर उतरने को मजबूर है ।
संविदा फार्मेसिस्ट प्रवीण यादव, सचिन, अम्मार जाफरी , अनिल श्रीवास्तव , महासंघ के प्रवक्ता अजय पांडेय, सी एल शांती, त्रिभुअन लाल, विनोद सोनी, एस एस पांडेय, एस एस पांडेय , आकाश, संजीव शुक्ल , दिनेश गुप्ता, अजय मिश्र,के के सिंह आदि ने भी बैठक को संबोधित किया ।












