लखनऊ। देश के बेहतरीन सड़कों में शामिल होने के बाद लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार( 24 अक्टूबर) को वायु सेना के सुखाई, जगुआर आदि लड़ाकू विमानों को उतारा जाएगा। इसको देखते हुए सोमवार की शाम से इस पर वाहनों का आवागमन रोक दिया जाएगा।
वायु सेना सूत्रों के अनुसार 24 अक्टूबर को सुबह दस बजे से लड़ाकू विमान सुखाई, जगुआर और मिग के साथ ही एमआई-17 उतारे जायेंगे। इसके अलावा सड़क पर ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट हरक्युलिस सी-17 की भी लैणिं्डग की जायेगी।
उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण(यूपीडा) ने लखनऊ, उन्नाव, कानपुर के जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को भेजे पत्र में कल दस बजे से 24 अक्टूबर को दो बजे तक इस एक्सप्रेस-वे पर वाहनों के आवागमन पर पाबन्दी लगाने के निर्देश दिये हैं। छह लेन की यह सड़क यूपीडा की देखरेख में बनायी गयी थी।
उन्नाव के बांगरमऊ के पास सड़क का निर्माण हवाई पट्टी की तर्ज पर किया गया है। हवाई पट्टी दो किलोमीटर लम्बी है। विमान इसी पर उतारे जाएंगे। एक्सप्रेस-वे के पिछले साल हुए उद्घाटन समारोह के दौरान भी वायु सेना के लड़ाकू विमानों को इस पर उतारा गया था। एक्सप्रेस वे पर लड़ाकू विमानों को उतरता देखने के लिए स्थानीय ही नही देश के लोगों के लिए कौतुहल बना हुआ है।




