लखनऊ। नगराम में बदमाषों ने किसान को गोली मार दी। युवक मौके पर ही लहुलूहान होकर गिर गया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। पुलिस ने आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए ट्रामा सेण्टर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान घायल की सांसें थम गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
मूल रूप से कठौता गोमतीनगर निवासी मुलहीराम का बेटा संतोष कुमार (27) नगराम स्थित ग्राम कुभारा में अपनी ससुराल में रहता था। वह गुरुवार को अपने पड़ोसी राजेन्द्र कुमार के साथ समैसी गांव बाइक से टीवी खरीदने गया था। वहां से वह बाइक से अपने पड़ोसी साथी के साथ वापस घर जा रहा था। करीब 3ः30 बजे कु हारा गांव के पास उसके पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने उसे ओवरटेक किया। युवकों ने संतोष को रूकवा लिया। इसी दौरान बाइक की पिछली सीट पर बैठे बदमाश ने संतोष पर फायर झोंक दिया। संतोष के गोली पीठ में लगने से वह घायल होकर लहुलूहान हो गया और मौके पर ही गिर गया। हत्यारे हवा में तमंचा लहराते हुए भाग निकले।
राजेन्द्र ने आनन-फानन में मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस और संतोष के परिजनों को दे दी। सूचना पाकर मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आनन-फानन में परिजनों की मदद से घायल को इलाज के लिए ट्रामा सेण्टर में भर्र्ती कराया। जहां इलाज के दौरान घायल की सांसें थम गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक उन्हें मामले में तहरीर नहीं मिली है।
विवाद के बाद मारी गोली
संतोष के पड़ोसी राजेन्द्र ने बताया कि अपाचे बाइक सवार दो युवकों ने संतोश की बाइक को ओवरटेक कर उसे रोका था। बाइक चला रहे युवक ने संतोष से कहा कि बाइक कैसे चला रहे हो, बाइक चलाना नहीं आता। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई थी। कहासुनी के दौरान बाइक की पिछली सीट पर बैठे युवक ने संतोष पर फायर झोंक दिया था। वारदात को अंजाम देकर बदमाश हवा में तमंचा लहराते हुए भाग निकले थे।











