लखनऊ। इंडियन ऑयल ने शुक्रवार को राजधानी में विश्व स्तरीय प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल एक्स – 100 ऑक्टेन युक्त एक्स पी- 100 को लॉन्च कर दिया। डॉ. उत्तीय भट्टाचार्य कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख, इंडियनऑयल ने कंपनी द्वारा संचालित गोमतीनगर के कोको पेट्रोल पंप से इस प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल को लांच कर दिया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय बाजार में उठाए गए इस परिवर्तनकारी कदम से भारत दुनिया भर के उन चुनिंदा देशों के समूह में शामिल हो गया है, जहां 100 या अधिक ऑक्टेन नंबर वाले पेट्रोल उपलब्ध हैं। एक्स पी- 100 एक अति-आधुनिक, अति-प्रीमियम उत्पाद है। जो आपको एक अलग अनुभव देने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इसकी प्रारम्भिक कीमत, प्रति लीटर 160 रुपये रखी गयी है । यह आपके वाहन को उच्च शक्ति और क्षमता तथा आपको आनंदमय ड्राइव देने के लिए पेट्रोल का बेहतरीन ग्रेड है। एक्सपी- 100 देश के पेट्रोलियम फ्यूल के रिटेल मार्केट में एक परिवर्तनकारी कदम साबित होगा। फि लहाल लखनऊ में ऑक्टेन युक्त एक्सपी- 100 लोगों के लिए उपलब्ध होगा और समय के साथ योजनाबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य शहरों में इसका विस्तार किया जाएगा।
बताते चले कि भारत में बिकने वाले सामान्य पेट्रोल में 91 ऑक्टेन होता है। 100 ऑक्टेन के साथ इंडियन ऑयल का प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल, इंजन को और अधिक गतिशील करने, तेज गति प्रदान करने, इंजन की क्षमता को बढ़ाने, बेहतर वाहन चालन अनुभव देने और ईंधन बचाने तथा इंजन की लाइफ को बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह -2796 विनिर्दिष्ट मानकों से अधिक क्षमता युक्त है और बहुत कम टेलपाइप उत्सर्जन के साथ पर्यावरण के अनुकूल ईंधन भी है। दुनिया भर में, हाइ-एंड वाहनों का एक खास बाज़ार है, जो कि 100 ऑक्टेन वाले उच्च पेट्रोल की मांग करता है और यह कुछ चुनिन्दा देशों जैसे जर्मनी, अमेरिका आदि में ही उपलब्ध है।












