लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए प्रदेश में HPV टीकाकरण शुरू

0
331

46 लाख बेटियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य, गुणवत्तापरक इलाज सर्वोच्च प्राथमिकता

लखनऊ। बेटियों को सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद आवश्यक है। प्रदेश सरकार बेटियों को लेकर बहुत फिक्रमंद है। उनकी सेहत से लेकर सुरक्षा तक को लेकर लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए शनिवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रदेशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। डिप्टी सीएम ने वैक्सीन लगवाने वाली बेटियों को सर्टिफिकेट भी वितरित किए।

केजीएमयू के अटल बिहारी वाजपेयी सांइटिफिक कन्वेंशन सेंटर में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश की तकरीबन 46 लाख किशोरियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है। ये वैक्सीन सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त लगाई जाएगी। तीन माह वैक्सीन का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बेटियों को वैक्सीन लगवाने के लिए परिजनों को जागरुक किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान के जनपद अजमेर से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु नई एचपीवी वैक्सीन के लॉन्च के साथ ही प्रदेश में भी इस अभियान की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री द्वारा वैक्सीन के लॉंच कार्यक्रम में डिप्टी सीएम, विभागीय अधिकारीणगण केजीएमयू से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि जच्चा-बच्चा का टीकाकरण लंबे समय से चल रहा है। बच्चे को 12 से 14 प्रकार के टीके मुफ्त लगाए जा रहे हैं। नए टीके अभियान में जोड़े जा रहे हैं। इससे मातृ एवं शिशु मृत्युदर में कमी लाने में काफी मदद मिल रही है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि टीकाकरण अभियान में एक भी बेटी वंचित न रहे। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि एक भी बेटी टीकाकरण से वंचित न रहे। ग्राम प्रधान, बाल विकास व महिला कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया जाएगा।

हमारी सरकार बेटियों को आगे बढ़ने में जुटी है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए भी अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस में करीब 35 प्रतिशत बेटियों की हिस्सेदारी हो गई है। बेटियां प्रदेश के लोगों को सुरक्षा दे रही हैं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर बहुत आम है। यह महिलाओं में होने वाले सभी कैंसर का लगभग 22.86 प्रतिशत है। गर्भाशय कैंसर के नए मामलों और इससे होने वाली मौतों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई है। टीकाकरण से बेटियों को सुरक्षाकवच प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद,, डॉ. केके सिंह, सीएमओ, लखनऊ डॉ. एनबी सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Previous articleकार्नियल प्रत्यारोपण के लिए लोगों में जागरुकता आवश्यक
Next articleइमेज-गाइडेड थेरेपी की नयी तकनीक से मरीजों का हो रहा बेहतर इलाज

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here