गौतम बुद्ध पार्क में विश्व महिला दिवस पर महिलाओं ने दिखाई एकजुटता
एक ही रंग की साड़ियों में पहुंचीं महिलाओं ने दिया सशक्तिकरण का संदेश, पार्षद पूजा जसवानी ने दी बधाई
लखनऊ। इंदिरा नगर के सेक्टर-बारह स्थित गौतम बुद्ध पार्क में शनिवार को अरुणिमा वेलफेयर सोसाइटी की ओर से विश्व महिला दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एडवोकेट सुमिता तिवारी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि इंदिरा नगर वार्ड की पार्षद पूजा जसवानी रहीं। उन्होंने महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि “महिलाएं केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की भी मजबूत आधारशिला हैं। जब महिलाएं शिक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक बनती हैं, तभी समाज सही मायनों में आगे बढ़ता है।” उन्होंने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और एक-दूसरे का सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिया मिश्रा ने भी उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन महिलाओं की उपलब्धियों और संघर्षों को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और क्षमताओं को पहचानते हुए हर क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई। पिंकी वर्मा ने अपने मधुर गीत से कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया, वहीं रेखा मिश्रा ने महिलाओं को जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़कर काम करने की प्रेरणा दी। नंदिता मिश्रा ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा और आत्मनिर्भरता ही महिलाओं को सशक्त बनाने की सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर पत्रकार इला मिश्रा को उनके सामाजिक और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए कार्यक्रम की संयोजक एडवोकेट सुमिता तिवारी द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्वेता द्विवेदी, सुधा तिवारी, साक्षी पाहुजा, मोनिका सिंह, अलका श्रीवास्तव और श्वेता गुप्ता सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की एक विशेषता यह भी रही कि सभी महिलाएं एक ही रंग की साड़ी पहनकर कार्यक्रम में शामिल हुईं। यह दृश्य महिला एकता और सशक्तिकरण का प्रतीक बन गया। सभी महिलाओं ने एक स्वर में समाज में समानता, सम्मान और अवसरों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजिका एडवोकेट सुमिता तिवारी ने सभी अतिथियों और महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।












