लखनऊ। पल्स पोलियो की वैक्सीन कैरियर कोल्ड बॉक्स का इस्तेमाल करने के बाद उन्हें कूड़े के ढेर में फेंक देने का मामले का खुलासा हुआ है। यह कैरियर बॉक्स संजय गांधी पीजीआई परिसर के जंगल में पड़े मिले है। शुक्रवार को पीजीआई पहुंचे मरीजों व तीमारदारों के बीच यह बॉक्स चर्चा का विषय बना रहा। लोगों का कहना है कि एक बॉक्स पर पल्स पोलियो अभियान की डेट 28 मई 2023 लिखा हुआ है।
एसजीपीजीआई के मेन गेट से संस्थान के अंदर प्रवेश करते ही दाहिने तरफ काफी बड़ा जंगल है। लोगों का कहना है कि इस जंगल से पगडंडी का रास्ता भी है। आने जाने लोगों को शुक्रवार को पगडंडी रास्ते के किनारे तीन वैक्सीन बॉक्स पड़े हुए दिखे। उधर से गुजरने वाले लोगों में इन बाक्सों की चर्चा बनी रही।
इसकी जानकारी मिलने पर लोगों ने संस्थान के सुरक्षा कर्मियों का पूछा। सुरक्षा कर्मियों का कहना था कि यह बॉक्स किसने फेंके हैं, उन्हें कोई जानकारी नहीं है। जानकारों का कहना है कि यह बॉक्सों की अलग गिनती में होती हैं। कौन सा बॉक्स किस स्वास्थ्य कर्मी को कब दिया गया है। इसकी भी जानकारी संबंधित स्वास्थ्य केद्र में होती है। प्रयोग करने के बाद बॉक्स को विभाग को वापस करना होता है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन बाक्स मिलने की जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि कोई भी सूचना आती है, तो जांच करायी जाएगी।