लखनऊ। गोमती नगर के डा.राम मनोहर लोहिया संयुक्त अस्पताल ने ग्लूकोमा की बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए नये वर्ष का तोहफा दिया है। अस्पताल प्रशासन ग्लूकोमा के मरीजों का विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक उपकरण से इलाज मुहैया कराया जायेगा। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि प्रदेश सरकार ने इसके लिए सभी जरूरी उपकरण अस्पताल प्रशासन को अभी हाल ही में उपलब्ध कराये है।
लोहिया अस्पताल के निदेशक डा.डीएस.नेगी ने बताया कि लोहिया अस्पताल के दो वरिष्ठ डा.के.पी.सिंह तथा डा.राहुल सिंह तमिलनाडू के अरविन्द आई केयर हास्पिटल से ग्लूकोमा बीमारी पर आधुनिक इलाज का प्रशिक्षण प्राप्त करने भेजा गया था। यह दोनों डाक्टर अब वहां से प्रशिक्षण प्राप्त करके लौट आये है। खास बात यह है कि इस बीमारी में उपयोग होने वाले अत्याधुनिक उपकरण कॉन्टेक्ट टोनोमीटर,एप्लानेशन टोनोमीटर एवं याग लेजर भी अस्पताल प्रशासन को शासन ने उपबल्ध करा दिया है।
इससे मरीजों के आंखों की उच्चस्तरीय बेहतर सर्जरी की जा सकेगी। निदेशक डा.डीएस.नेगी ने बताया है कि नये वर्ष में इन दोनों विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को इलाज मुहैया कराया जायेगा। जो कि पूरी तरह नि:शुल्क होगा। उन्होंने बताया कि ग्लूकोमा के मरीजों के लिए सप्ताह में सोमवार तथा गुरुवार को क्लीनिक संचालित होगी।












