शहर में बढ़ रहा स्वाइन फ्लू

0
882

लखनऊ। शहर में स्वाइन फ्लू अपने पांव पसरने लगा है। मंलगवार को दो आैर मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, इसमें राजधानी की निवासी एक महिला हैं जबकि दूसरा मरीज बलिया निवासी है जोकि यहां इंदिरानगर में अपने रिश्तेदार के पास आया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों मरीजों के सम्पर्क में आने वाले व्यक्तियों को दवा तथा बीमारी के प्रति जानकारी दी है। इस सीजन में स्वाइन फ्लू से राजधानी में अब तक एक मरीज की मौत हो चुकी है वही बारह मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।

गणेशगंज के खुर्शेदबाग निवासी रंजना तिवारी (63) की एसजीपीजीआई में जांच करने पर स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। उन्हें बीस जून को हल्का बुखार आया था। इसके बाद अगले दिन वह लखनऊ से गोरखपुर अपने पति के पास गयी थीं, जहां उन्हें जुकाम हल्की खांसी तथा बुखार की शिकायत बढ़ गयी। वहीं स्थानीय चिकित्सक ने एण्टी बायोटिक का पांच दिन कोर्स कराया, इससे थोड़ा आराम हुआ लेकिन 29 जून को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। हालत में सुधार नहीं होने पर उनको लखनऊ लाया गया, जहां महानगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पीजीआई में जांच के लिए नमूने भेजे गए थे।

दूसरा मरीज बलिया जनपद का सत्य प्रकाश (26) है जो इंदिरानगर सेक्टर 11 के समतानगर निवासी अपने रिश्तेदार के वहां आया था। 29 जून का बुखार तथा शरीर में दर्द की शिकायत हुई। आराम न मिलने पर किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय रेफर किया गया। परिजनों ने मरीज को ट्रामा सेन्टर में भर्ती कराया, जहां तीन जून को जांच के लिए सैम्पल लिया गया आैर मंगलवार को एनफ्लूएंजा एएच1एन1 की पुष्टि हुई। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीएस बाजपेयी ने बताया कि दोनों मरीजों के घर स्वास्थ्य विभाग की टीम गयी थी, जो परिजन इन मरीजों के सम्पर्क में रहें हैं, उनको दवा दी गयी है, ताकि स्वाइन फ्लू फैलने न पाए।

उन्होंने बताया कि एनफ्लूएंजा एएच1एन1 के संबंधित इलाज व दवाएं पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं। प्रमुख सरकारी अस्पतालों में इलाज व जांच की नि:शुल्क व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा वार्ड आरक्षित रखने के निर्देश दिये जा चुके हैं।

Previous articleशरीर में कई गांठ से हो सकता है लिम्फोमा कैंसर के लक्षण
Next articleआईएमए ने केजीएमयू कुलपति को किया सम्मानित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here