संदिग्ध हालात में दंपत्ति की कमरे में मिली लाश

0
843

चार माह पहले हुई थी शादी, हत्या की जताई जा रही है आंशका

लखनऊ। हुसैनगंज इलाके के नई बस्ती (मुरार अली लेन)में मंगलवार सुबह घर में दंपत्ति की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। एक कमरे में युवक की लाश जहां फंदे के सहारे लटक रही थी। वहीं पत्नी का शव बिस्तर पर पड़ा था। परिजनों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ ही अपनी जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया इस मामले को दंपत्ति के सुसाइड से जोडक़र देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस दूसरे बिन्दुओं पर भी जांच कर रही है।
हुसैनगंज पुलिस के अनुसार बाराबंकी के टिकैतनगर नगर निवासी  मंसा राम की बेटी सीमा सिंह,(20) की शादी बीते एक फरवरी को नई बस्‍ती निवासी भगवती प्रसाद के बेटे मंजीत सिंह(23) से हुई थी।

Advertisement

मंगलवार सुबह काफी देर बाद भी पति-पत्नी के कमरे से नहीं निकले तो मंजीत की मां रमना देवी दोनों को जगाने कमरे में पहुंची तो अंदर का नजारा देख उनकी रूह कांप गई। मंजीत की लाश दुपट्टे के फंदे के सहारे छत के एंगल से लटक रही थी जबकि सीमा का शव बिस्तर पर पड़ा था। घर में एक साथ दो-दो मौत देख कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची हुसैनगंज पुलिस को घरवालों ने बताया कि पति-पत्नी में किसी बात को लेकर कोई विवाद नहीं था। दोनों ने कभी कोई दिक्कत भी नहीं बताई थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

सीमा की मौत ने खड़े किए सवाल

एसएसआई हुसैनगंज सुरेश शुक्ला ने बताया कि परिजन जहां पति-पत्नी के बीच किसी विवाद और दिक्कत के नहीं होने की जानकारी दे रहे हंै। वहीं सीमा की लाश को भी बिस्तर पर मिलने की बात कह रहे हैं। सीमा के शव पर कोई जाहिरा निशान या चोट नहीं होने से मामला उलझता नजर आ रहा है। युवती के गले पर अगर फंंदे का निशान होता तो एक बार समझा जा सकता था कि युवती के किसी वजह से जान देने के बाद युवक ने भी मौत को गले लगाया होगा। कमरे से अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की वजह से भी मामला उलझ रहा है। हालांकि सीमा के मायकेवालों के साथ ही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के साथ ही पुलिस को कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

पिता है राजभवन में माली

बताया जा रहा है कि मंजीत मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था। वहीं उसके पिता भगवती प्रसाद राजभवन में माली के पद पर तैनात है। एसपी पूर्वी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि फिलहाल कुछ कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस अपनी जांच कर रही है। सीमा के मायके वालों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Previous articleजूनियर बच्चन भी कर रहे हैं ‘आरंभ‘ का बेसब्री से इंतजार
Next articleतो इन निजी अस्पतालों व नर्सिंग होम से जुड़ा था फर्जी ब्लड बैंक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here