डेस्क। प्रदेश में देवरिया के बरहज क्षेत्र में शादी से इंकार करने पर गुस्से में प्रेमिका प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंच गयी । इससे नाराज गांव वालों ने उसपर पथराव कर दिया। इससे वहां पर अफरा-तफरी मच गयी आैर काफी लोग चोटिल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने कहना है कि भलुअनी निवासी नंदलाल की बेटी की शादी करीब चार साल पहले मझौलीराज में एक युवक से हुई थी, लेकिन पति पत्नी में अलगाव के बाद सुलोचना का सम्बन्ध बड़े भाई के साले बरहज क्षेत्र के चकरा उपाध्याय निवासी बृजेश गुप्ता से हो गया था।
सुलोचना का आरोप है कि चार वर्ष से बृजेश भलुअनी में किराये का कमरा लेकर उसके साथ रहता था। शादी के दबाव के चलते बृजेश उसको छोड़कर अपने गांव में रहने लगा। सुलोचना का कहना है कि इस सम्बन्ध में उसने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगायी थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
सुलोचना आज बारात लेकर प्रेमी के गांव के निकट पहुंची तो प्रेमी के परिजन ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बारात पर पथराव कर दिया जिससे कई लोग चोटिल हो गये। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद मामला शांत कराने के बाद प्रेमी और प्रेमिका को थाने पर लाकर मामला सुलझाने में लगी है।
इस बीच, पुलिस अधीक्षक राजीव मल्होत्रा ने कहा कि मामले को देखते हुये गांव में पुलिस तैनात करा दी गई थी। पुलिस ने प्रेमी और प्रेमिका को थाने पर लाकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि अगर सुलोचना कोई तहरीर देती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जायेगी।












