लखनऊ राजधानी के प्रमुख सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ जुटी। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल आैर गोमतीनगर स्थित डा. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में पर्चा बनवाने से लेकर ओपीडी की लम्बी लाइन से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोहिया अस्पताल के सामने मुख्य द्वार के सामने सड़क पर पानी भरने से मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आसपास के दुकानदार बताते हैं कि इलाके में कहीं भी बारिश हो सड़क पर बना नाला उफनाने लगता है आैर काफी देर तक पानी भरा रहता है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. एमएल भार्गव ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा कि जल भराव की समस्या को खत्म कराएं। बलरामपुर अस्पताल की त्वचा रोग ओपीडी में दो विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात थे।
करीब एक हजार मरीजों ने उपचार कराया। अपराह्न एक बजे तक तीन सौ चालिस मरीजों का उपचार कर चुके त्वचा रोग विशेषज्ञ डा. यूएस उस्मानी ने बताया कि मरीजों की ज्यादा भीड़ इस बात का साबित करता है कि यहां बेहतर उपचार मिलता है। फिलहाल, इस समय बदलते मौसम के कारण त्वचा रोग बढ़े हुए हैं। सिविल अस्पताल में फिजीशियन ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज उल्टी दस्त या अन्य पेट संबंधी बीमारी से पीड़ित होकर आए। हुसैनगंज के रहने वाले मोहम्मद कलीम (45) ने बताया कि सुबह दस बजे आए आैर दोपहर साढ़े बारह बजे चुके हैं। अत तक पर्चा बनवाने के बाद अभी डाक्टर को नहीं दिखा पाए हैं। यहां ओपीडी पर्चा आनलाइन बनाया जाता है, जिसमें मरीज का नाम, पता आैर मोबाइल नम्बर भी लिखा जाता है, इससे पर्चा बनवाने में देर लगती है। चिकित्सा अधीक्षक डा. आशुतोष दुबे ने बताया कि आज करीब ढाई हजार से अधिक पर्चे बने हैं, जबकि सामान्य दिनों में करीब दो हजार तक पर्चे बनते हैं।












