लखनऊ । चांसलर कप इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ की टीम ने ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्याल की टीम को 4 विकेट से हरा कर खिताब अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट का आयोजन दिनांक 28/2/2026 से 8/3/2026 के मध्य जनभवन के खेल मैदान में कराया गया था। जनभवन और अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय ने मुख्य तौर पर इसका आयोजन किया था।
इस प्रतियोगिता में लखनऊ के आठ विश्वविद्यालयों ने हिस्सा लिया, जिसमें इस से पहले खेले गए अपने सभी मुकाबले जीतने वाली एसजीपीजीआई टीम ने बेहद सूझबूझ से अपने हर मुकाबले में शानदार जीत हासिल की। टीम की अगुवाई करते हुए एसजीपीजीआई के निदेशक पद्मश्री प्रो राधा कृष्ण धीमन ने टॉस जीत के पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। जवाब में भाषा विद्यालय 12 ओवर में मात्र 80 रन ही स्कोरबोर्ड पे लगा सका।
81 रन का पीछा करते हुए एसजीपीजीआई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन प्लेयर ऑफ द मैच रहे पवन पाल और प्रवीण ने अपनी टीम को 15 गेंद रहते शानदार जीत दिलाई। शाम को जनभवन की टीम और विजेता एस जी पी जी आई की टीम के बीच एक मैत्री मैच का आयोजन किया गया। इस अत्यंत रोमांचक मैच में एस जी पी जी आई की टीम ने आखिरी ओवर की आखिरी बाॅल खेलकर अप्रत्याशित जीत हासिल की।












