लखनऊ। किं ग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद ने मांगों व संवर्ग पुनर्गठन की मांग पर दिये गये आश्वासन के बाद आंदोलन को स्थगित कर दिया है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री के निर्देशानुसार मार्च महीने तक शुरुआती संवर्गो का संवर्गीय पुनर्गठन करने हेतु निर्देशित किया गया है तथा शेष सभी संवर्गो का समवर्गीय पुनर्गठन सितंबर 2021 से पहले पूरे करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष प्रदीप गंगवार ने बताया कि 27 जनवरी को सुरेश खन्ना ,चिकित्सा शिक्षा,वित्त एवं संसदीय कार्य की अध्यक्षता में अपर मुख्य सचिव,डॉ रजनीश दुबे ,कुलसचिव के जी एम यू, तथा वित्त अधिकारी के जी एम यू तथा कर्मचारी परिषद के पदाधिकारियों के बीच एक बैठक हुई थी। जिसमें मंत्री एवं अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा कर्मचारी परिषद को आश्वस्त किया गया था कि मुख्यमंत्री के अनुमोदन उपरांत 2 दिन के भीतर आपकी दोनों मुख्य मांगों पर उचित कार्यवाही कर दी जाएगी, जिस पर कर्मचारी परिषद ने 28 जनवरी से होने वाले आंदोलन को 2 दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था। इसी क्रम में चिकित्सा शिक्षा मंत्री के आदेश अनुसार आज चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा आउटसोर्सिंग के कर्मचारियों को वेतन बढ़ोतरी हेतु किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद को अधिकृत कर दिया गया है , जिसकी पिछले कई वर्षों से मांग की जा रही थी,किन्तु शासन द्वारा अनुमति नही दी जा रही थी । कुलपति एवं कुलसचिव आशुतोष दिवेदी द्वारा अवगत कराया गया है कि चिकित्सा शिक्षा मंत्री के निर्देशानुसार मार्च महीने तक शुरुआती संवर्गो का संवर्गीय पुनर्गठन करने हेतु निर्देशित किया गया है तथा शेष सभी संवर्गो का समवर्गीय पुनर्गठन सितंबर 2021 से पहले पूरे करने के निर्देश जारी किए गए हैं।












