लखनऊ । किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के कंज़र्वेटिव डेंटिस्ट्री एवं एंडोडॉन्टिक्स विभाग द्वारा 5 से 9 मार्च के बीच ‘नेशनल कॉन्स-एंडो डे’ के अवसर पर विभिन्न प्रकार के शैक्षणिक एवं सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विभाग द्वारा दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार की गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें व्याख्यान, शैक्षणिक चर्चाएँ, पोस्टर प्रस्तुतियाँ तथा जनजागरूकता कार्यक्रम शामिल रहे।
डेंटल हेल्थ के प्रति लोगों में जागरूकता आवश्यक: डा राकेश
वरिष्ठ डाक्टर राकेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रमों का प्रमुख आकर्षण महिला मरीजों के लिए आयोजित निशुल्क डेंटल रेस्टोरेशन कैंप रहा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर दंत परामर्श और उपचार की जानकारी ली। इस कैंप के माध्यम से मरीजों को बताया गया कि दांतों की देखभाल करने में किन-किन बात की सावधानी बरतनी पड़ती है। इसमें कैविटी की रोकथाम के अलावा खुद ही बिना डॉक्टर के परामर्श के दवा लेना ग़लत है और समय पर उपचार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
विभाग के चिकित्सकों डॉ प्रोमिला वर्मा विभागाध्यक्ष,डॉ रमेश,डॉ रिदम,डॉ प्रज्ञा,डॉ विजय,डॉ शैलजा ,डॉ ज्योति एवं रेजिडेंट डॉक्टरों ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को गुणवत्तापूर्ण दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।












