लोहिया संस्थान की निरस्त नर्सिंग भर्ती परीक्षा आज
परीक्षा सेंटरों के आस-पास बंद रहेगी फोटो स्टेट की दुकानें
लखनऊ। डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की 18 सेंटरों की निरस्त भर्ती परीक्षा अब शनिवार (कल) आयोजित होगी। इसके लिए प्रदेश में 33 सेंटर बनाए गए हैं। संस्थान प्रशासन ने शांतिपूर्वक परीक्षा कराने की तैयारी पूरी कर ली है।
संस्थान की निदेशक डॉ. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि करीब दस हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। 12 से दो बजे तक स्टाफ नर्स भर्ती परीक्षा होगी। भर्ती परीक्षा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संस्थान प्रशासन ने अपने स्तर से पर्यवेक्षक, बाउंसर व सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए हैं।
स्थानीय प्रशासन व पुलिस की भी मदद ली जा रही है। इस बार परीक्षा सेंटर के आस-पास फोटोकापी की दुकाने परीक्षा के समय बंद रहेंगी। निदेशक ने बताया कि लखनऊ, कानपुर, बनारस व एनसीआर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।












