kgmu : डॉक्टर पर मरीज को निजी अस्पताल भेजने और वसूली के आरोप, सीएम पोर्टल पर शिकायत

0
36

​लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के नेफ्रोलॉजी विभाग से मरीज को निजी अस्पताल रेफर करने और इलाज के नाम पर धनउगाही करने के मामले में आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पीड़िता के परिजनों ने अब इस पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई है। केजीएमयू प्रशासन ने भी शिकायती पत्र को जारी जांच का हिस्सा बना लिया है।

​इलाज में देरी का झांसा देकर निजी अस्पताल भेजा
जानकारी के मुताबिक, बस्ती जिले के कुदरहा ब्लॉक की रहने वाली पुष्पा (54) गंभीर किडनी रोग से पीड़ित थीं। परिजन उन्हें इलाज के लिए केजीएमयू के नेफ्रोलॉजी विभाग की ओपीडी में लाए थे। परिजनों का आरोप है कि वहां तैनात बांडेड असिस्टेंट प्रोफेसर ने मरीज के फेफड़ों में संक्रमण बताकर तत्काल ‘पाइप’ (ड्रैन) डालने की जरूरत बताई।

डॉक्टर ने दावा किया कि केजीएमयू में इस प्रक्रिया में काफी समय लगेगा और मरीज की जान बचाने का हवाला देते हुए उन्हें दुबग्गा स्थित फाह हॉस्पिटल भेज दिया।
​आयुष्मान कार्ड के बावजूद वसूले 1 लाख रुपये, मरीज की मौत
मृतका के बेटे विजय कुमार चौधरी का आरोप है कि निजी अस्पताल में आयुष्मान भारत कार्ड उपलब्ध होने के बाद भी उनसे इलाज के नाम पर लगभग 1 लाख रुपये वसूल लिए गए। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान ही पुष्पा की मौत हो गई। मरीज की जान जाने के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए केजीएमयू प्रशासन से शिकायत की थी।

​जांच जारी, परिजनों के दर्ज होंगे बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक जांच नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष को सौंपी गई थी। विभागाध्यक्ष ने आरोपी डॉक्टर के बयान दर्ज कर अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंप दी है। हालांकि, आरोपी डॉक्टर लगातार अपने ऊपर लगे आरोपों से इंकार करते हुए मरीज का निजी अस्पताल में इलाज कराने की बात से मना कर रहे हैं।

​अब परिजनों द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत किए जाने के बाद जांच में नया मोड़ आ गया है। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि सीएम पोर्टल से प्राप्त शिकायती पत्र को मुख्य जांच में शामिल कर लिया गया है। जल्द ही परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की विधिक व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleUP में स्वास्थ्य व्यवस्था का कायाकल्प: 9.5 साल में सीएचसी और प्राथमिक केंद्रों का अभूतपूर्व विस्तार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here