-हीवेट और चांसलर गोल्ड मेडल साथ पाने वाली सातवीं छात्रा बनेंगी
-राज्यपाल 20 मेधावियों को मेडल से नवाजेंगी
-रक्षामंत्री कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे
लखनऊ। केजीएमयू का 22वां दीक्षांत समारोह सोमवार को होगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 20 मेधावियों को मेडल से नवाजेंगी। एमबीबीएस छात्रा दीप्ति शर्मा का दीक्षांत समारोह में जलवा होगा। दीप्ति ने केजीएमयू के प्रतिष्ठित हीवेट और चांसलर मेडल पर कब्जा जमाया है। दीप्ति केजीएमयू के इतिहास में एक साथ दो सबसे प्रतिष्ठित सम्मान हीवेट और चांसलर गोल्ड मेडल हासिल करने वाली सातवीं छात्रा बनेंगी। यह जानकारी केजीएमयू कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने दी।
शनिवार को ब्राउन हाल में पत्रकार वार्ता में कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेई सांइटिफिक कन्वेंशन सेंटर में दीक्षांत समारोह होगा।
कुलपति ने बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे। नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम श्रीनिवास को चिकित्सा प्रशासन और स्वास्थ्य नीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद विज्ञान वाचस्पति (डी.एससी) की उपाधि प्रदान की जाएगी।
प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि वर्ष 2021-26 बैच की दीप्ति शर्मा को केजीएमयू का सबसे प्रतिष्ठित हीवेट, चांसलर, यूनिवर्सिटी ऑनर्स गोल्ड मेडल तथा प्रोविंशियल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (पीएमएसए) गोल्ड मेडल शामिल हैं। कुल 18 मेडल दीप्ति को प्रदान किए जाएंगे। दीप्ति की यह उपलब्धि न केवल उनकी कड़ी मेहनत और शैक्षणिक प्रतिभा का प्रमाण है। केजीएमयू के इतिहास में अब तक केवल छह छात्र-छात्राएं ही हेवेट और चांसलर गोल्ड मेडल दोनों एक साथ हासिल कर सके हैं। अब दीप्ति शर्मा इस विशिष्ट सूची में शामिल होने वाली सातवीं छात्रा बन जाएंगी। अभिलाषा घोष को कुल 13 मेडल प्रदान किए जायेंगे। इस दफा 20 छात्र-छात्राओं को कुल 54 मेडल से नवाजा जाएगा। इनमें 11 छात्र व नौ छात्राएं शामिल हैं।
1701 को मिलेगी डिग्री
डॉ. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि समारोह में कुल 1701 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इसमें 975 छात्र और 726 छात्राएं शामिल हैं। केजीएमयू परिसर के 515 छात्र-छात्राओं को उपाधि दी जाएगी। केजीएमयू से संबद्ध 11 मेडिकल और सात नर्सिंग कॉलेजों के 1186 छात्र-छात्राओं को भी उपाधियां मिलेंगी। कुल उपाधि प्राप्त करने वालों में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 43 प्रतिशत है। वहीं न्यूरोलॉजी विभाग के पूर्व हेड डॉ. आरके गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जायेगा।
डीन डॉ. वीरेंद्र आतम ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग में डॉ. आरएमएल मेहरोत्रा स्मृति गोल्ड मेडल निधि सिंह को मिलेगा। वहीं अनीकेत चंद्र सक्सेना को भी प्रमुख पदकों से सम्मानित किया जाएगा। अति विशिष्ट चिकित्सा पाठ्यक्रमों के 10 डॉक्टरों को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे।
डॉ. रश्मि कुशवाहा ने बताया आठ मरीजों को बेड तक जांच सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बेड साइड सीटी स्कैन सेवा का उद्घाटन भी किया जाएगा
प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में बेहतर प्रबंधन के लिए सीएमएस डॉ. प्रेमराज सिंह, डॉ. अमिय अग्रवाल की टीम को सम्मानित किया जाएगा।












