लखनऊ। मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को इस बार कालभैरवाष्टमी (काल भैरव जयंती) मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान शिव के पांचवें रुद्र अवतार माने जाने वाले कालभैरव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। भगवान कालभैरव को शिव का रौद्र, विकराल और प्रचंड स्वरूप माना जाता है।
कब से कब तक रहेगी अष्टमी तिथि?
ज्योतिषाचार्य-एस.एस.नागपाल, स्वास्तिक ज्योतिष केन्द्र, अलीगंज का कहना है कि ज्योतिषीय गणना के अनुसार, अष्टमी तिथि का प्रारंभ 30 नवंबर की मध्य रात्रि 12:11 बजे होगा और इसका समापन 01 दिसंबर की रात 11:13 बजे होगा। तंत्र साधना के देवता माने जाने वाले कालभैरव की उपासना मुख्य रूप से रात्रि के समय की जाती है। इसी कारण से अष्टमी में प्रदोष व्यापनी तिथि का विशेष महत्व माना गया है और यह दिन तंत्र साधना के लिए बेहद उपयुक्त बताया जाता है।

पूजा विधि और विशेष उपाय
कालभैरव को न्याय और दंड देने वाले देवता के रूप में जाना जाता है, जिनका प्रमुख शस्त्र ‘दंड’ है। मान्यता है कि इस विशेष दिन पर कालभैरव के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है।
पूजा के लिए एक चौकी पर गंगाजल छिड़ककर भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा स्थापित करें।
भगवान कालभैरव को काले तिल, उड़द, सरसों का तेल और इमरती अर्पित करें।
कालभैरव का वाहन श्वान (कुत्ता) माना गया है, इसलिए इस दिन श्वान को पुए या इमरती खिलाना शुभ माना जाता है।
शुभ पूजा मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:08 बजे से 6:02 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:49 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक
निशिता मुहूर्त: रात 11:43 बजे से 12:38 बजे तक
♥ द एम्पल न्यूज़ को सहयोग दें
आपका छोटा-सा सहयोग द एम्पल न्यूज़ के संचालन और आगे बढ़ने में हमारी मदद कर सकता है। यदि आप सहयोग करना चाहें, तो PayTM के माध्यम से कर सकते हैं।















