लखनऊ। सर्दियों में तीमारदार किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के शताब्दी फेज-वन परिसर में बने रैन बसेरे में ठहरने के लिए तीमारदार बिस्तर शुल्क देकर ले सकेंगे। केजीएमयू प्रशासन के बिस्तरों का शुल्क प्रतिदिन का पचास रुपये रखा है। इसके अलावा तीमारदारों को कम दरों पर कैंटीन में भोजन व अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
लगभग दो वर्ष पहले शताब्दी फेज- वन के पास तीन मंजिला रैन बसेरे का शिलान्यास रक्षा मंत्री व सांसद राजनाथ सिंह ने किया था। किसी तरह निर्माण कार्य तो हो गया था, लेकिन तीमारदारों को रूकने के लिए कमरों को आवंटन नहीं किया जा रहा था। इस कारण तीमारदार रैन बसेरा का लाभ नही ले पा रहे थे। ठंड में तीमारदार खुले में रूकने को मजबूर को थे। केजीएमयू के सीएमएस डॉ. एसएन शंखवार का कहना है कि रैन बसेरे का तीसरे तल तैयार हो रहा था। इस कारण रैन बसेरे का आवंटन तीमारदारों को नहीं किया जा रहा था। सब निर्माण होने के बाद अब रैन बसेरा तीमारदारों के लिए शुरू करने जा रहे है। केजीएमयू ने निजी संस्था को रैन बसेरे के संचालन की जिम्मेदारी दे दी है। उन्होंने बताया कि रैन बसेरा में अभी 142 बिस्तर शुरू किए गए हैं। प्रत्येक बिस्तर के लिए तीमारदारों को 50 रुपये प्रतिदिन शुल्क पर बिस्तर का आवंटन किया जाएगा। ।
सीएमएस ने बताया कि भूतल में कैंटीन की व्यवस्था की गई है। जिसे जल्द ही शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें मरीजों व तीमारदारों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने की तैयारी है।












