लखनऊ । राजधानी में कोरोना संक्रमित मरीजों के बढ़ने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं व इसकी तैयारियों को जमीनी स्तर पर निरीक्षण के लिए बृहस्पतिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की दो सदस्य टीम लखनऊ के केजीएमयू व हॉटस्पॉट इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ कार्यालय से लेकर तमाम स्वास्थ्य अधिकारियों में अफरा-तफरी मची रही। बताते चले कि इससे पहले भी केद्र से एक टीम आकर शहर की चिकित्सा व्यवस्था व कैसर बाग क्षेत्र का निरीक्षण कर चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ मंत्रालय की टीम ने शासन के अधिकारियों से बैठक के बाद करीब एक बजे केजीएमयू पहुंचकर कोरोना आइसोलेशन वार्ड और ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया।
यहां स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लिए जा रहे सैंपल का तरीका देखा। इस दौरान टीम ने डॉक्टरो और स्वास्थ्य कर्मचारियों से मरीजो के सैंपल लेने से लेकर इलाज कराने तक की जानकारी ली।इसके बाद टीम ने कैसरबाग हॉटस्पॉट में जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ एक-एक गली का निरीक्षण किया। मंत्रालय की तरफ से आए मृत्युंजय कुमार ने स्वास्थ्य कर्मचारियों से सैंपल लेने के तरीकों को जाना और विभाग को बड़ी संख्या में जांचे और कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग को बढ़ाने के लिए कहा।












