केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभाग द्वारा शनिवार को डा.एस.के.भटनागर व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपोलो अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डा.के.रामचंद्रन कृण्णमूर्ति ने सेटिंग एन एस्थेटिक सर्जरी प्रेक्टिस विषय पर प्लास्टिक सर्जरी विभाग के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मरीज का इलाज शुरू करने से पहले उनसें रिश्ता बनायें। मरीज से बात करें । मरीज के इलाज में अच्छे परिणाम के लिए जरूरी है कि मरीज आप पर भरोसा करे।
उन्होंने कहा कि प्रेक्टिस के दौरान जब मरीज आप के पास इलाज के लिए पहुंचे तो उसको उतना ही इलाज दें जो जरूरी हो और जिसका परिणाम अच्छा निकल सके। उन्होंने बताया कि आज कल कास्मेटिक सर्जरी का चलन बहुत तेजी से बढ़ा है। लोग खूबसूरत दिखने के लिए क्या कुछ नहीं कर रहे हैं,लेकिन एक चिकित्सक होने के नाते आप को यह ध्यान रखना होगा, जिसको जरूरी हो और जितना परिणाम आ सके। उतना ही इलाज दें।
आवश्यकता से अधिक और परिणाम रहित इलाज नहीं देना चाहिए। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो.एके.सिंह ने डा.एस.भटनागर द्वारा विभाग में की गयी उपलब्धियों तथा शैक्षणिक स्तर पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर केजीएमयू के सीएमएस प्रो.एसएन.शंखवार,एमएस प्रो.विजय कुमार,डा.दिव्य नारायण उपाध्याय,डा.अंकुर भटनागर समेत विभाग के रेजीडेंट मौजूद रहे।












