राजन वर्मा डब्बू मेमोरियल टी20 की रोमांचक शुरुआत

0
56

विशाल के शतक से फिटनेस क्लब विजयी

लखनऊ, । यूपी की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में कानपुर रोड की पार्थ रिपब्लिक टाउनशिप में शनिवार को स्व. राजन वर्मा डब्बू मेमोरियल टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। पार्थ क्रिकेट मैदान पर खेले गए उद्घाटन मुकाबले में फिटनेस क्रिकेट क्लब और स्ट्रीट वॉरियर्स के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। इसमें फिटनेस क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

टूर्नामेंट के आयोजक रितेश द्विवेदी अन्ना ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन उप प्रभागीय वनाधिकारी एके वर्मा व अन्य विशिष्ट लोगों ने किया। उद्घाटन मैच में फिटनेस क्रिकेट क्लब के कप्तान अजीत वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। फिटनेस क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 196 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

टीम की ओर से विशाल मिश्रा ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए नाबाद 105 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा सचिन तिवारी ने 30 रन का योगदान दिया। स्ट्रीट वॉरियर्स के गेंदबाज इस दौरान खास प्रभाव नहीं छोड़ सके।

197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्ट्रीट वॉरियर्स की टीम ने शुरुआत में तेजी से रन बनाने की कोशिश की लेकिन फिटनेस क्लब के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। टीम की ओर से केवल फैजान ही क्रीज पर टिक पाए और उन्होंने नाबाद 62 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। हालांकि अन्य बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके और पूरी टीम 20 ओवर में 177 रन ही बना सकी।

फिटनेस क्लब की ओर से मुरारी झा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि अनुराग सिंह ने दो विकेट अपने नाम किए। मैच में शानदार शतक लगाने वाले विशाल मिश्रा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुरारी झा को बेस्ट गेंदबाज और स्ट्रीट वॉरियर्स के फैजान को बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर बैंक प्रबंधक आशुतोष वर्मा, प्रिया वर्मा, मिथिलेश सिंह, राकेश वर्मा समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Previous articlePGI: क्रॉनिक पेन में इंटरवेंशनल पेन मैनेजमेंट कारगर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here