लखनऊ। राजधानी की निजी पैथोलॉजी सेक्टर में कोरोना की सस्ती जांच का आदेश बुधवार से लागू कर दिया गया है। दिये गये आदेश के अनुसार मरीजों से 700 रुपये जांच का शुल्क लेना होगा। अगर संदिग्ध मरीज की जांच के लिए घर पर बुलाया जाता है, तो जांच कराने वालों को 200 से 300 रुपये अतिरिक्त शुल्क देगा होगा।
बताते चले कि राजधानी में दस पैथोलॉजी सेंटरों में कोविड- 19 की जांच की जा रही है। सरकारी अस्पतालों की जांच केन्द्रों पर न जाने वाले संदिग्ध मरीज काफी संख्या में निजी पैथोलॉजी सेंटर से ही जांच करा रहे हैं। इसके पहले कोरोना संक्रमण की आरटी-पीसीआर जांच का शुल्क 16 सौ रुपये निर्धारित था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन ने जांच का शुल्क घटाने का आदेश जारी कर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय भटनागर का दावा है कि जांच शुल्क घटाने संबंधी आदेश सभी प्राइवेट पैथोलॉजी व अस्पतालों को जारी कर दिया गया है। उनका दावा है कि ज्यादा कीमत लेने वाले पैथोलॉजी सेंटरों पर कार्रवाई होगी।











