टीबी मुक्त लखनऊ के संकल्प के साथ जारी है सेवा अभियान
लखनऊ। टीबी मुक्त लखनऊ के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के *उप नर्सिंग अधीक्षक प्रदीप गंगवार* द्वारा संचालित टीबी मरीजों की सहायता का अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में आज ठाकुरगंज स्थित टीबी अस्पताल में 40 टीबी मरीजों सहित पूर्व से उपचाररत मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई।
प्रदीप गंगवार पिछले लगभग डेढ़ वर्षों से टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इस अवधि में अब तक कुल 1,460 पोषण पोटली वितरित की जा चुकी हैं। उनका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर टीबी मरीजों को पोषण संबंधी सहयोग प्रदान करना, उपचार के दौरान उनका मनोबल बढ़ाना तथा समाज में टीबी के प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता विकसित करना है।
प्रदीप गंगवार ने कहा कि टीबी के विरुद्ध लड़ाई केवल दवाओं तक सीमित नहीं है। मरीजों को उचित पोषण, मानसिक संबल और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब तक लखनऊ को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयासों की आवश्यकता है, तब तक यह सेवा अभियान जारी रहेगा।
*इस सामाजिक अभियान में KGMU के शारीरिक चिकित्सा एवं पुनर्वास विभाग (PMR) के विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार गुप्ता का आर्थिक एवं नैतिक सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।* इसके अतिरिक्त अमित सिंह, नलिन शुक्ला, सुरेश सिंह, वी.के. दीक्षित, बलराम श्रीवास्तव सहित अन्य सहयोगियों का समय-समय पर सहयोग प्राप्त होता रहता है।
आज आयोजित पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम में ठाकुरगंज टीबी अस्पताल के *मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.पी. सिंह, एजाज एहमद ,रजनीश श्रीवास्तव, अनूप मोहिनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने तथा टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों के महत्व पर जोर दिया गया।
प्रदीप गंगवार ने समाज के सक्षम नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि मरीजों के प्रति भेदभाव समाप्त करना, उन्हें सम्मान देना और जरूरत के समय सहयोग उपलब्ध कराना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और निरंतर सामाजिक सहयोग के माध्यम से टीबी मुक्त लखनऊ के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की जा सकती है।












