लखनऊ में होटल ‘ताज पैलेस’ का भव्य उद्घाटन
लखनऊ। विभूति खंड, गोमतीनगर स्थित होटल ‘ताज पैलेस’ का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के आर्थिक और सांस्कृतिक परिवर्तन को रेखांकित करते हुए ‘थिंक बिग, थिंक लाइक यूपी’ (बड़ा सोचो, यूपी जैसा सोचो) का नया मंत्र दिया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘असीमित संभावनाओं’ का राज्य है। यह भारत की आत्मा और ‘हॉट लैंड ऑफ इंडिया’ के रूप में उभर चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में पर्यटन के मामले में तीसरे स्थान पर रहने वाला यूपी, 2025 तक 156 करोड़ से अधिक पर्यटकों का स्वागत कर देश का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन गया है।
मुंबई और दिल्ली के बाद लखनऊ बना तीसरा शहर
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि मुंबई और नई दिल्ली के बाद लखनऊ देश का तीसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां ‘ताजमहल’ और ‘ताज पैलेस’ दोनों प्रतिष्ठित होटल मौजूद हैं। 181 कमरों और सूट्स, एक भव्य प्रेसिडेंशियल सूट और 10,000 वर्गफुट के पिलरलेस बैंक्वेट हॉल से सुसज्जित यह होटल राज्य में हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर का नया प्रतीक है।
जापानी प्रतिनिधिमंडल बनेगा पहला अतिथि
दिल्ली में आयोजित ‘यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 200 से अधिक विदेशी निवेशकों और उद्योगपतियों का दल उत्तर प्रदेश में ग्रीन हाइड्रोजन, एआई, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में निवेश के लिए उत्सुक है। जापान से आया यह उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इस नए होटल का पहला आधिकारिक अतिथि बनेगा।
600 से अधिक लोगों को मिलेगा सीधा रोजगार
मुख्यमंत्री के अनुसार, यह परियोजना केवल एक व्यावसायिक निवेश नहीं, बल्कि संपूर्ण आर्थिक इकोसिस्टम का हिस्सा है। इससे 600 लोगों को प्रत्यक्ष और सैकड़ों अन्य को सप्लाई चेन के माध्यम से अप्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होगा।
विकास और विरासत का बेहतरीन समन्वय
यूनेस्को द्वारा लखनऊ को ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ का दर्जा दिए जाने पर सीएम ने ताज ग्रुप को स्थानीय खान-पान, जैसे अवधी व्यंजन, बाटी-चोखा और मिलेट्स को अपने मेन्यू में प्रमुखता से शामिल करने का सुझाव दिया।
उन्होंने दोहराया कि 60% एक्सप्रेसवे, 17 घरेलू व 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट्स और देश के सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क के साथ यूपी वर्ष 2029-30 तक ‘वन ट्रिलियन डॉलर’ की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जेपीएस राठौर, राज्यसभा सांसद संजय सेठ और IHCL के एमडी पुनीत चटवाल समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।




