
लखनऊ। अखिल विश्व गायत्री परिवार, लखनऊ की वशिष्ठ बाल संस्कार शाला के संचालक इंद्रेश मिश्र द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं नैतिक मूल्यों के संवर्धन के उद्देश्य से रविवार, 31 मई 2026 को सजल श्रद्धा आरोग्य धाम, निकट आई.आई.एम. चौराहा, लखनऊ में एक दिवसीय भव्य ‘बाल संस्कारशाला समर कैंप’ का सफल आयोजन किया गया। प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं नैतिक जीवन मूल्यों से जोड़ना था। पूरे दिन आयोजित विभिन्न सत्रों में बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक विकास पर विशेष बल दिया गया।
शिविर में बच्चों को यज्ञ, योग, प्राणायाम एवं मंत्रोच्चार का प्रशिक्षण दिया गया तथा देव संस्कृति की महान परंपरा यज्ञ के वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराया गया। पर्यावरण संरक्षण विषयक विशेष कक्षाओं के माध्यम से बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक बनने की प्रेरणा दी गई।
इस अवसर पर बच्चों ने व्यसन मुक्ति जागरूकता रैली निकालकर समाज को नशामुक्त जीवन का संदेश दिया। रैली ने उपस्थित नागरिकों का ध्यान स्वस्थ एवं संस्कारित समाज निर्माण की ओर आकर्षित किया।
शिविर में संगीत, नाट्य एवं वाद्य यंत्र प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक प्रतिभाओं को विकसित करने का प्रयास किया गया। साथ ही विभिन्न इनडोर एवं आउटडोर खेलों, प्रतियोगिताओं एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सजल श्रद्धा आरोग्यधाम की प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्य महेंद्र पति त्रिपाठी ने कहा कि बाल संस्कारशालाएँ बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को विकसित करने, उनमें नैतिक चेतना जाग्रत करने तथा उन्हें जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने इस प्रकार के रचनात्मक आयोजनों को समाज की आवश्यकता बताते हुए सभी अभिभावकों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान आयोजित व्यसन मुक्ति जागरूकता रैली का शुभारंभ सजल श्रद्धा आरोग्यधाम के मुख्य ट्रस्टी अरविंद निगम द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों को स्वस्थ, संयमित एवं संस्कारित जीवन अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि व्यसनमुक्त युवा पीढ़ी ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। रैली में बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए समाज को नशामुक्ति एवं सदाचार का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ अरविंद राय, गोपाल ओझा, श्रीमती निष्ठा रस्तोगी, श्रीमती गिरिजा त्रिपाठी, अलका निगम, सुमन राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं गायत्री परिवार के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों के उत्साह, अनुशासन एवं प्रस्तुति की सराहना करते हुए बाल संस्कारशालाओं को समाज निर्माण की महत्वपूर्ण पहल बताया।












