वार्ड 102 में बैठक और रात्रि भोज का आयोजन
लखनऊ। पीडीए मिशन-2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने जमीनी स्तर पर सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में लखनऊ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नम्बर-102 में समाजवादी पार्टी के युवा नेता एवं अधिवक्ता सैयद अब्बास हैदर नकवी के आवास पर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक तथा स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी चुनावों को लेकर रणनीति पर चर्चा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार प्रदेश भर में पीडीए मिशन को लेकर जनसंपर्क अभियान तेज किया जा रहा है। छोटे-बड़े सभी नेताओं को जनता के बीच जाकर बैठकें, संवाद कार्यक्रम और जनसभाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सामाजिक न्याय के मुद्दों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सपा नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के निवर्तमान कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविदास मेहरोत्रा, युवा नेता सऊद खान, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुजाहिद नेता, क्षेत्रीय पार्षद सहित कई गणमान्य नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की मजबूती और 2027 में सपा सरकार बनाने के संकल्प को दोहराया।
अपने संबोधन में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं को मिशन पीडीए-2027 के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर घर-घर पहुंचना ही पार्टी की प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने सैयद अब्बास हैदर नकवी के राजनीतिक भविष्य की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए रात्रि भोज का आयोजन किया गया, जिसमें शाही पकवानों का आनंद लेते हुए कार्यकर्ताओं ने आपसी संवाद को और मजबूत किया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया और क्षेत्र में पार्टी को मजबूती देने का भरोसा जताया।पीडीए मिशन-2027 को लेकर रणनीतिक बैठक, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर, 2027 में सपा सरकार बनाने का संकल्प, बैठक के बाद रात्रि भोज एवं संवाद कार्यक्रम हुआ।












