वरिष्ठ पत्रकार विधि सिंह व मो. इरफान को भावभीनी श्रद्धांजलि

0
87

प्रेस क्लब में शोकसभा, पत्रकार एकता का संकल्प
परिवारों के लिए सहयोग की मांग, आलोक त्रिपाठी ने किया नेतृत्व

लखनऊ। राजधानी स्थित यूपी प्रेस क्लब में आयोजित शोकसभा में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने दैनिक हिन्दुस्तान की वरिष्ठ पत्रकार विधि सिंह एवं दैनिक अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार मो. इरफान के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। दोनों पत्रकारों के निधन से प्रदेश के मीडिया जगत में शोक व्याप्त है।

सभा के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने विधि सिंह को निर्भीक, संवेदनशील और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकार बताया, वहीं मो. इरफान को सौम्य, सरल एवं जनपक्षधर पत्रकारिता का सशक्त हस्ताक्षर बताया गया।
उ.प्र. मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के कोषाध्यक्ष एवं लखनऊ जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (एलजेए) के अध्यक्ष आलोक कुमार त्रिपाठी ने अत्यंत मार्मिक शब्दों में दोनों पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह क्षति केवल दो परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार समाज की अपूरणीय हानि है। श्री त्रिपाठी ने पत्रकार हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए सभी संगठनों को एक मंच पर आने का आह्वान किया।
उन्होंने दृढ़ता से कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक संरक्षण सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। श्री त्रिपाठी ने सरकार से मांग करने की घोषणा की कि पत्रकारों के असामयिक निधन पर उनके आश्रित परिवारों को सम्मानजनक आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाए।

सभा में यह भी मत व्यक्त किया गया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य करने वाले पत्रकार अनेक चुनौतियों का सामना करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है। शोकसभा में उपस्थित पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और पत्रकार एकता तथा पारस्परिक सहयोग का मजबूत संदेश दिया।

Previous articleउत्सव वंदेमातरम्म सुरों और संस्कृति के संगम से गूंजेगा लखनऊ
Next articleइंफ्रास्ट्रक्चर, मूलभूत सुविधाओं को बनाएं और बेहतरः ब्रजेश पाठक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here