लखनऊ। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में संविदा पर डाक्टरों की भर्ती करने की हरी झंडी कार्यपरिषद की बैठक में मिल गयी है। इससे नौ विभागों में मरीजों के इलाज आसानी से मुहैया कराया जा सकेगा।
कुलपति डॉ. बिपिन पुरी की अध्यक्षता में कार्य परिषद की बैठक शनिवार को आयोजित की गयी। बैठक में चर्चा की गयी कि केजीएमयू में लगभग 450 डॉक्टर तैनात है। कई महत्वपूर्ण विभागों में डॉक्टरों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन नियमित भर्ती नहीं हो पा रही है। इसका असर मरीजों के इलाज करने के साथ चिकित्सा शिक्षा पर भी पड़ रहा है।
इसके अलावा नेशनल मेडिकल कमीशन के मानक भी पूरे नहीं हो रहे हैं। इन सभी दिक्कतों को देखते हुए मरीजों का इलाज व मानकों को पूरा करने के लिए डॉक्टरों की संविदा पर भर्ती का निर्णय लिया गया है। लगभग नौ विभागों में संविदा डॉक्टरों की भर्ती होगी।
जिनमें प्रमुख रूप से जनरल मेडिसिन में छह, स्किन विभाग में एक, इमरजेंसी मेडिसिन में दो, गैस्ट्रो में दो, पल्मोनरी एंड क्रिटिकल केयर मेडिसिन में दो, गठिया रोग विभाग में एक, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में दो व न्यूक्लीयर मेडिसिन में दो डॉक्टर तथा सर्जरी में तीन भर्ती किए जाएंगे। कुल 21 पदो पर संविदा डॉक्टरों की भर्ती होगी। अधिकारियों का कहना है कि विभागों में सहायक आचार्य के पद स्वीकृत हैं।












