लखनऊ। जीका वायरस का एक नया मरीज अब हुसैनगंज से सटे लालकुंआ इलाके में मिला है। यहां निवासी एक महिला में जीका वायरस की पुष्टि हुई है। तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज के संपर्क में आने वालों की कान्ट्रेक्ट ट्रेसिंग शुरू करा दी है। सभी के नमूने केजीएमयू भेजे गये है
क्षेत्र में फागिंग व एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। अब तक लखनऊ में तीन जीका के मरीज मिल चुके हैं।
लालकुंआ निवासी 46 वर्षीय महिला को चार दिन पहले बुखार आया था। परिजन मरीज को लेकर सिविल अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे। यहां तो डॉक्टरों ने लक्षणों के आधार पर डेंगू और जीका की जांच कराई। मरीज की डेंगू रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि शुक्रवार को जीका वायरस की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी ने बताया कि महिला को अब बुखार नहीं आ रहा है। महिला के परिवार में चार सदस्य हैं। महिला का बेटा अमीनाबाद में एक दुकान में काम करता है। बताते चलें कल हुसैनगंज और कृष्णा नगर क्षेत्र में एक- एक में जीका वायरस की पुष्टि हुई थी। क्षेत्र में लोगों का नमूना एकत्र किया गया था और उसे जांच के लिए केजीएमयू भेजा गया है।












