लखनऊ। प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षय रोग को जड़ से समाप्त करने के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि सामाजिक प्रतिष्ठा के कारण क्षय रोगी अपने रोग को न छिपायें और अपने इलाज में लापरवाही न करें। उन्होंने शीघ्र ही मेडिकल का पढ़ाई करके आये डाक्टरों से अपील की कि वह लोग भी क्षय रोगियों की पहचान और उनका निराकरण करने में रूचि ले।
स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को यहां अटल बिहारी बाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में नव स्थापित 16 माड्यूल जीन एक्सपर्ट जांच मशीन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में शिलापट्ट अनावरण कर मशीन का लोकार्पण किया। उन्होंने नवीन तकनीक से मुक्त 16 माड्यूल जीन एक्सपर्ट मशीन किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय को भेंट करके क्षय रोगियों की जांच सुविधा को आसान करने के लिए गैर सरकारी संस्था ‘द यूनियन” को धन्यवाद दिया। श्री सिंह ने कहा कि क्षय रोग की समय से पहचान होना, समाज में अपने रोग के कारण झिझक-संकोच छोड़कर स्वयं का पूरा इलाज करवाना आवश्यक है। उन्होंने शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली की मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भारत में हर तीसरे व्यक्ति के अंदर टीबी के जीवाणु सुप्तावस्था में मौजूद हैं, यदि शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत है, तो क्षयरोग सहित कोई भी गम्भीर बीमारी नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सभी जिलों में क्षय रोगियों की जांच एवं दवा की व्यवस्था है। आज केजीएमयू में इस 16 माड्यूल जीन एक्सपर्ट मशीन की स्थापना से 16 रोगियों की जांच एक बार में हो सकेगी तथा जांच रिपोर्ट भी महज दो घंटे में प्राप्त हो जायेगी। उन्होंने कहा कि अब जो चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही है उनसे कम समय में सही इलाज कराना संभव हो गया है।
समारोह में कुलपति केजीएमयू, प्रो. एमएलबी भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2025 तक देश से क्षय रोग का सम्पूर्ण उन्मूलन लक्ष्य लिया है। उस दिशा में इस मशीन की मेडिकल कालेज में स्थापना से लाभकारी सहयोग प्राप्त होगा, कम समय में बेहद सटीक जांच रिपोर्ट प्राप्त होगी। स्टेट टीबी आफीसर डा. संतोष गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में टीबी जांच के लिए 141 कार्टिज बेस्ड न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट (सीबी नॉट) मशीन स्थापित एवं क्रियाशील है। केजीएमयू में माइक्रोबायोलाजी विभाग की अध्यक्ष प्रो. अमिता जैन ने 16 रोगियों की एक साथ जांच कर सकने की क्षमता वालीमशीन की सुविधा स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
अब PayTM के जरिए भी द एम्पल न्यूज़ की मदद कर सकते हैं. मोबाइल नंबर 9140014727 पर पेटीएम करें.
द एम्पल न्यूज़ डॉट कॉम को छोटी-सी सहयोग राशि देकर इसके संचालन में मदद करें: Rs 200 > Rs 500 > Rs 1000 > Rs 2000 > Rs 5000 > Rs 10000.
♥ द एम्पल न्यूज़ को सहयोग दें
आपका छोटा-सा सहयोग द एम्पल न्यूज़ के संचालन और आगे बढ़ने में हमारी मदद कर सकता है। यदि आप सहयोग करना चाहें, तो PayTM के माध्यम से कर सकते हैं।












