राजधानी के सिंकदरबाग चौराहे पर स्थित मेदांता मेडिक्लीनिक का उद्घाटन शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह तथा परिवार कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी मौजूद रहीं।
मेदांता मेडिक्लीनिक के उद् घाटन के बाद मेदांता के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डा.नरेश त्रेहन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेदांता की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए उठाया गया पहला कदम है।
उन्होंने बताया कि राजधानी में मेडिक्लीनिक ओपीडी कंसल्टेशन प्रदान करने वाला एक मल्टी सुपर स्पेशलिटी क्लीनिक है,जहां पर कई प्रकार की स्वास्थ व जांच सेवाएं प्रदान की जायेगी। इसके अलावा यहां पर टेलीमेडिसिन सेवाएं भी शुरू की जायेगी। उन्होंने बताया कि मेडिक्लीनिक के संचालन के बाद जल्द ही १००० बेड का सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का संचालन भी शुरू किया जायेगा। जहां पर विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि कर्डियक की ओपीडी के अलावा गेस्ट्रो, आर्थो, लंग्स, आदि के सुपर स्पेशलिस्ट ओपीडी भी जल्द शुरू की जायेगी। वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया कि मेदांता में गरीब मरीजों को इलाज मिल सके इसके लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि गरीब मरीज को भी उच्चगुणवत्ता पूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके।
इसी के तहत प्रदेश सरकार गरीबों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना पर काम कर रही है। जिससे कमजोर आय वर्ग के लोगों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत एक धनराशि निश्चित की जायेगी। जिससे बड़े अस्पतालों में गरीब व्यक्ति भी इलाज करा सके।












