लखनऊ। ब्लैक फंगस यानी कि म्यूकरमाइकोसिस से संक्रमित छह मरीजों की मौत हो गयी। इनमें केजीएमयू में चार व दो मरीजों की पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। राजधानी में अब तक ब्लैक फंगस से 13 मौत हो चुकी हैं। सबसे ज्यादा मौतें केजीएमयू में हुई है। राजधानी में केजीएमयू , लोहिया संस्थान, पीजीआई तथा अन्य निजी अस्पतालों में अब तक लगभग 126 से ज्यादा ब्लैक फंगस के मरीज भर्ती हो चुके हैं। इनमें लगभग 19 मरीज की ठीक होकर डिस्चार्ज भी हो चुके हैं।
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह का कहना कि 24 घंटे में विभिन्न अस्पतालों से रेफर होकर आए 23 नये मरीज भर्ती हुए हैं। यहां अब तक कुल 73 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। संक्रमित दो मरीजों की सर्जरी की गई हैं। डा. सिंह ने बताया कि चार मरीजों ने इलाज के दौरान मौत हो गयी। इसमें मेरठ से आयी 38 वर्षीय महिला, कानपुर की 73 वर्षीय पुरुष, गोरखपुर की 62 वर्षीय महिला व फैजाबाद की 65 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। वही पीजीआई में ब्लैक फंगस के 16 मरीज भर्ती हैं, जिन का इलाज किया जा रहा है। इसके अलावा ब्लैक फंगस के दो मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। नोडल अधिकारी डॉ अमित केसरी के मुताबिक इनमें एक मरीज प्रयागराज और दूसरा गोरखपुर के थे। फैजाबाद रोड स्थित निजी हॉस्पिटल में अब तक ब्लैक फंगस पीड़ित 20 मरीज भर्ती हैं। इनमें नौ मरीज डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। सिप्स हॉस्पिटल में ब्लैक फंगस पीड़ित 13 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। अस्पताल के प्रमुख डॉ. आरके मिश्र के मुताबिक दो मरीजों का ऑपरेशन किया गया है। तबीयत में सुधार के बाद छह मरीज डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।












