लखनऊ। राजधानी के चक गंजरिया स्थित कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान के डॉक्टरों ने एक बार फिर अपनी चिकित्सा विशेषज्ञता का लोहा मनवाया है। संस्थान के न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने एक 16 वर्षीय किशोर के दिमाग में पनपे बेहद जटिल और संवेदनशील ट्यूमर की सफल सर्जरी कर उसे मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया है। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है और वह खतरे से बाहर है।
प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी 16 वर्षीय अनिकेत गुप्ता पिछले कुछ समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था। उसे आंखों में टेढ़ापन, चेहरे का तिरछापन, खाना निगलने में तकलीफ और हाथ-पैरों में भारी कमजोरी की शिकायत थी। परिजनों ने अनिकेत को कई बड़े अस्पतालों और डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन कहीं भी उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। ट्यूमर की जटिलता को देखते हुए कई संस्थानों के डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने से भी हाथ खड़े कर दिए थे। हर तरफ से निराश होने के बाद परिजन उम्मीद की आखिरी किरण लेकर कल्याण सिंह कैंसर संस्थान पहुंचे।
जांच में हुआ खतरनाक ‘ब्रेनस्टेम ट्यूमर’ का खुलासा
संस्थान के सीएमएस और न्यूरोसर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. विजेंद्र कुमार के निर्देशन में 29 जून को मरीज को भर्ती किया गया। जब उसकी आधुनिक मशीनों से जरूरी जांचें कराई गईं, तो डॉक्टरों के होश उड़ गए। अनिकेत के दिमाग में ‘ब्रेनस्टेम ट्यूमर’ था, जो बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका था।
क्या होता है ब्रेनस्टेम ट्यूमर?
डॉ. विजेंद्र कुमार के मुताबिक, ब्रेनस्टेम दिमाग का सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील हिस्सा होता है। यह पूरे शरीर की गतिविधियों को नियंत्रित करता है। इसी हिस्से से निकलने वाली बेहद महीन नसें शरीर के अलग-अलग अंगों तक संदेश पहुंचाती हैं। इस जगह ट्यूमर होने से हाथ-पैर काम करना बंद कर देते हैं और यदि समय पर सटीक इलाज न मिले, तो मरीज कोमा में जा सकता है या उसकी जान भी जा सकती है।
ट्यूमर की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन का फैसला किया। परिजनों की सहमति के बाद डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने घंटों चली बेहद जटिल माइक्रो-सर्जरी के जरिए ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल बाहर किया।
इस जीवन रक्षक सर्जरी को अंजाम देने वाली टीम में न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉ. विजेंद्र कुमार, डॉ. अमित कुमार उपाध्याय, डॉ. रवि रंजन और डॉ. संजीव शामिल रहे। वहीं, ऑपरेशन के दौरान मरीज को सुरक्षित रखने में एनेस्थीसिया टीम की डॉ. ऋचा राय और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस बड़ी कामयाबी पर कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट ने पूरी सर्जिकल और एनेस्थीसिया टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि संस्थान में मौजूद विश्वस्तरीय सुविधाओं और डॉक्टरों की प्रतिबद्धता के कारण ही ऐसे जटिल मामलों में मरीजों को नया जीवन मिल पा रहा है। इस सफल सर्जरी से अनिकेत के परिवार में खुशी का माहौल है।










