बीकेटी में लाखों की नकली दवाइयाँ बरामद, एक अभियुक्त गिरफ्तार

0
64

बक्शी का तालाब पुलिस एवं औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई,

भारी मात्रा में नकली दवाइयाँ बरामद, 01 अभियुक्त गिरफ्तार ।*

लखनऊ। स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले नकली दवा कारोबार पर थाना बक्शी का तालाब पुलिस एवं औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई की है, जहां भारी मात्रा में नकली औषधियाँ बरामद की है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश भर में नकली एवं अधोमानक औषधियों के भंडारण, परिवहन एवं क्रय-विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना बक्शी का तालाब पुलिस एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर तैयार की जा रही नकली औषधियों की बड़ी खेप बरामद की है।

16 जुलाई को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर थाना बक्शी का तालाब पुलिस द्वारा किसान पथ, मामपुर खड़ंजा मार्ग पर संदिग्ध ओमनी वैन संख्या UP32BW7091 को रोककर जांच की गई। वाहन से भारी मात्रा में औषधियाँ बरामद होने पर औषधि विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। संयुक्त जांच के दौरान वाहन में रखी औषधियों के संबंध में कोई वैध औषधि लाइसेंस अथवा बिल-वाउचर प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

औषधि निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, सन्देश मौर्य, राहुल कुमार एवं श्रीमती अनीता कुरील द्वारा मौके पर औषधियों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्रसिद्ध ब्रांडों की *निम्न औषधियाँ बरामद हुईं—*
 Rubired 200 ml – 246 बोतल
 ALKASOL Sugar Free 100 ml – 1,063 बोतल
 Mucaine Gel 200 ml – 848 बोतल
कुल 2,157 बोतल औषधियाँ, जिन्हें वर्षा के कारण 13 प्लास्टिक की बोरियों में सील कर सुरक्षित किया गया।
जांच के दौरान ALKASOL Sugar Free के निर्माता प्रतिनिधियों द्वारा कंट्रोल सैंपल से तुलना करने पर लेबल, कैप, प्रिंटिंग, लोगो एवं अन्य सुरक्षा विशेषताओं में गंभीर अंतर पाए गए तथा बरामद दवा को स्प्यूरियस (नकली) प्रमाणित किया गया। इसी प्रकार Mucaine Gel के लेबल पर भी कई गंभीर त्रुटियाँ पाई गईं, जिससे प्रथम दृष्टया उसके भी नकली होने की पुष्टि हुई। अन्य औषधियाँ भी संदिग्ध पाए जाने पर उनके नमूने नियमानुसार जांच एवं विश्लेषण हेतु संग्रहित किए गए।
पूछताछ में मौके से पकड़े गये व्यक्ति भूपेन्द्र सिंह पुत्र रामकिशन सिंह, निवासी बाजार गांव पकरा, थाना माल ने बताया कि उक्त दवाइयाँ राज विक्रम सिंह एवं विनीत सिंह की हैं तथा वह उनके कहने पर इन्हें अमीनाबाद पहुंचाने जा रहा था। अभियुक्त को कारण गिरफ्तारी बताते हुए किसान पथ, मामपुर खड़ंजा मार्ग, थाना बक्शी का तालाब से समय रात्रि 10.03 बजे गिरफ्तार किया गया ।

Previous article​मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से समृद्ध हो रहा भारत: डिप्टी सीएम
Next articleकैंसर संस्थान: 16 वर्षीय किशोर की जटिल ‘ब्रेनस्टेम ट्यूमर’ की सर्जरी सफल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here