पत्रकारिता के आदर्शों को समर्पित भव्य शपथ ग्रहण समारोह
पत्रकारों के सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझोता नहीं: प्रभात त्रिपाठी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के निर्वाचित पदाधिकारियों का प्रथम शपथ ग्रहण समारोह जनभवन (राजभवन) के समक्ष स्थित विश्वेश्वरैया हाल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम श्रद्धेय पत्रकार पुरोधा गणेश शंकर विद्यार्थी तथा बाबूराव विष्णु पराड़कर के आदर्शों को समर्पित रहा। समारोह में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
सूचना विभाग की अयोध्या से आई सांस्कृतिक टीम ने लोक रंगों से भरपूर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। लोक गायिका प्रकृति यादव के नेतृत्व में मान्या, अविका, गौरी, अमन, आदर्श, अनुज, चन्दन, अश्वनी और सोनू कुमार ने लोकगीतों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में जीवंतता का संचार करते हुए पत्रकारिता और भारतीय संस्कृति के सुंदर समन्वय का संदेश दिया।
संयोजक प्रभात त्रिपाठी, ने अपने संबोधन में कहा पत्रकारों के सम्मान और स्वाभिमान में कोई समझोता नहीं किया जाएगा । नई टीम को मौजूद मुख्य अतिथि ने शपथ दिलाई ,अध्यक्ष पद पर शेखर पंडित के साथ महासचिव पद पर ज्ञानेश पाठक, कोषाध्यक्ष विक्रम राव तथा उपाध्यक्ष अमन अग्रवाल, जितेन्द्र कुमार सिंह यादव और कृष्ण कुमार सिंह शामिल रहे। संयुक्त सचिव के रूप में राजू यादव, अर्चना गुप्ता, दीपक अवस्थी और लखन लाल मिश्रा ने शपथ ली। कार्यकारिणी सदस्यों में सुरेंद्र कुमार दुबे, अनिल तिवारी, लक्ष्मीकांत तिवारी, सुभाष चंद्र मिश्रा, धनंजय सिंह, शीतला प्रसाद, बलराम गुप्ता, बबीता ओबेरॉय, शियाराम यादव और सुजीत द्विवेदी ने भी अपने दायित्वों के प्रति निष्ठा का संकल्प व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं अध्यक्ष एसएसटी आयोग बैजनाथ रावत, विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद शीशराम सिंह रवि तथा मुख्य वक्ता लखनऊ से एमएलसी पवन सिंह चौहान ने समारोह को संबोधित किया। पूर्व सांसद बैजनाथ रावत ने कहा कि पत्रकारों की असली पहचान उनकी निष्पक्ष कलम होती है और पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। एमएलसी पवन सिंह चौहान ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में निष्पक्षता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है।
इस अवसर पर भाजपा नेता मनीष गुप्ता ने कहा कि पत्रकारिता आज भी लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संपादक ममता त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारों का सामूहिक प्रयास ही संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
वरिष्ठ पत्रकार अजय श्रीवास्तव , वरिष्ठ पत्रकार सतीश प्रधान ने भी संबोधित किया।संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने बताया कि समिति के पदाधिकारियों की राज्यपाल से शीघ्र मुलाकात प्रस्तावित है, जिसके बाद मुख्यमंत्री से भी भेंट कर पत्रकार हितों से संबंधित मांगें रखी जाएंगी.












