मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) का पहला चुनाव 25 मार्च को
चुनाव कार्यक्रम घोषित, 21 पदों के लिए होगा मतदान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों की समस्याओं, अधिकारों और हितों के संरक्षण के उद्देश्य से गठित उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। समिति के पहले विधिवत निर्वाचन (चुनाव) की घोषणा कर दी गई है, जो 25 मार्च 2026 (बुधवार) को सम्पन्न कराया जाएगा।
समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने एनेक्सी मीडिया सेंटर, लखनऊ में राज्य मुख्यालय से जुड़े मान्यता प्राप्त पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति में चुनाव कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा करते हुए पाँच सदस्यीय चुनाव समिति का भी एलान किया।
उन्होंने कहा कि पुनर्गठित समिति का यह पहला चुनाव पत्रकार संगठन को लोकतांत्रिक मजबूती प्रदान करेगा।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार 16 मार्च से 20 मार्च 2026 तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे, जबकि 23 मार्च को नाम वापसी की प्रक्रिया सम्पन्न होगी। समिति में नए सदस्यों को जोड़ने की प्रक्रिया 15 मार्च 2026 तक जारी रहेगी। इसी दिन देर शाम तक अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। 15 मार्च के बाद किसी भी नए सदस्य को शामिल नहीं किया जाएगा और केवल वही सदस्य मतदान के पात्र होंगे जिनका नाम अंतिम वोटर लिस्ट में दर्ज होगा।
चुनाव संचालन के लिए गठित चुनाव समिति में वरिष्ठ पत्रकार उमेश चन्द्र मिश्र, शाश्वत तिवारी, अजीत सिंह, रविशंकर उपाध्याय एवं दिलीप सिंह (चैनल से) को शामिल किया गया है। चुनाव समिति को सहयोग देने की जिम्मेदारी उमाकांत बाजपेयी एवं त्रिनाथ शर्मा को सौंपी गई है। चुनाव समिति 10 मार्च 2026 से एनेक्सी मीडिया सेंटर में कार्यभार संभालेगी और मतदान से लेकर परिणाम घोषणा तक पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव प्रक्रिया को सम्पन्न कराएगी।
संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए समयबद्ध और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की रीढ़ होते हैं, और पुनर्गठित समिति इस सिद्धांत का पूरी निष्ठा से पालन कर रही है। चुनाव कार्यक्रम का विस्तृत विवरण पत्र के माध्यम से उपलब्ध करा दिया गया है।
निर्वाचन मंडल के अंतर्गत कुल 21 पदों पर चुनाव होगा, जिसमें—
अध्यक्ष : 1 पद, उपाध्यक्ष : 3 पद, महासचिव : 1 पद, संयुक्त सचिव : 3 पद, कोषाध्यक्ष : 1 पद, सदस्य : 12 पद, यह चुनाव न केवल संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को एक सशक्त, संगठित और लोकतांत्रिक मंच भी प्रदान करेगा।















