लखनऊ। गोसाईगंज इलाके के सरसवां गांव के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग के 13वीं मंजिल से गिरकर इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई। कंपनी के ठेकेदारों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दिए बगैर अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, बाबा का पुरवा, इब्राहिमाबाद जिला बाराबंकी निवासी प्रेम कुमार (25) बुधवार को ओमैक्स सिटी के आर 2 की 14 नंबर बिल्डिंग के तेरहवें फ्लोर पर लटककर काम करने वाले झूले की रिपेयरिंग का काम कर रहा था। इसी बीच अचानक झूले का तार खुल गया, जिससे वह नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। अन्य मजदूरों द्वारा शोर मचाने के बाद कंपनी के ठेकेदार मौके पर पहुंचे और किसी प्रकार से मजदूरों को समझाया और पुलिस को सूचना दिये बगैर उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिना सेफ्टी के मजदूरों से कराया जा रहा काम :
ओमैक्स सिटी के अंदर बहुमंजिला इमारतों में बगैर किसी सेफ्टी के मजदूरों से काम कराया जाता है। इसकी वजह से हादसे होते हैं। जब की नियमता बहुमंजिला बिल्डिंग बनवाते समय सेफ्टी जाल,हेलमेट, व सेफ्टी बेल्ट होना जरुरी होता है लेकिन ठेकेदार सारी सुरक्षा व्यवस्था को ताख पर रखकर मजदूरों की जान जोखिम में डालकर मजदूरो से काम कराते हैं।
चार दिन पहले भी हो चुका है हादसा :
ओमैक्स सिटी में निर्माणाधीन बिल्डिंगों के ठेकेदार हादसे के बाद भी सबक नही लेते हैं। बीते 29 अप्रैल को वहीं आर 2 की 18वीं बिल्डिंग से गिरकर मजदूर अवधेश कुमार अवस्थी(27) निवासी बाराबंकी की मौत हो चुकी है। स्थानीय सूत्रों की माने तो एक वर्ष में यह सातवां हादसा है जिसमे मजदूरों की मौत हुई है।















