लखनऊ – प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत जो धन मिल रहा है उसका उपयोग अपने पोषण आहार पर ही करें. कुछ इसी तरह के सन्देश के साथ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शुक्रवार को ‘सुपोषित जननी विकसित धारिणी’ पखवाड़ा शुरू किया गया है. इसकी पुष्टि पी.एम.एम.वी.वाई. के स्टेट नोडल अधिकारी राजेश बांगिया ने की है.
पी.एम.एम.वी.वाई. के स्टेट नोडल अधिकारी राजेश बांगिया ने बताया कि भारत सरकार के निर्देश पर मिशन निदेशक पंकज कुमार के नेतृत्व में हमारी टीम ने जो कार्य योजना बनाई. उसको केंद्र सरकार में काफी सराहना मिली साथ ही ऐसा ही पखवाड़ा पूरे देश में चलाकर महिलाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस योजना का जागरूकता का पखवाड़ा पहली बार शुरू किया गया है. पखवाड़े के दौरान जिलों में पोषण के महत्व बताते हुए जगह होर्डिंग और बैनर लगाए जाएंगे.
भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पोस्टर, लीफ लेट्स और स्टीकर आदि वितरित किये जाएंगे. साथ ही स्थानीय बोली में नुक्कड़ नाटक, कठपुतली आदि के भी आयोजन होंगे. पोषण शरीर के लिए कितना आवश्यक है इसके लिए पोषण हाट, पोषण दौड़, स्थानीय साग-सब्जी, फल से बनाए जाने वाले व्यंजनों की रेसिपी प्रतियोगिता और वीडियो फिल्म आदि का भी सहारा लिया जायेगा. शुक्रवार को अधिकांश जिला मुख्यालयों पर इससे संबंधित रैली भी निकली गई है. स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में बैनर और तख्ती लेकर यह सन्देश दिया पी.एम.एम.वी.वाई. से मिलने वाला धन अपने पोषण आहार पर ही खर्च करें.
8 मार्च से शुरू होकर यह पखवाड़ा 22 मार्च तक चलेगा. सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को भेजे गये पत्र में यह भी निर्देश दिया गया कि पखवाड़े के दौरान उक्त गतिविधियों की जिओ टैग पिक्चर ही भेजें.
पी.एम.एम.वी.वाई. का लाभ 77% को
पी.एम.एम.वी.वाई. के स्टेट नोडल अधिकारी राजेश बांगिया ने बताया कि 7 मार्च 2019 तक यूपी में 13 लाख 21 हजार 969 महिलाओं को पी.एम.एम.वी.वाई. के तहत लाभ दिया जा चुका है. जो लक्षित महिलाओं के सापेक्ष 77 प्रतिशत है. उन्होंने बताया कि उक्त लाभार्थी महिलाओं को 405 करोड़ रुपए सीधे उनके बैंक खाते में भेजे गए हैं.
पी.एम.एम.वी.वाई. का लाभ लेने के लिए 30 लाख आठ हजार 733 आवेदन आये थे. यह धन नियमानुसार लाभार्थी महिलाओं को तीन किश्तों में दिए हैं. उन्होंने बताया कि पी.एम.एम.वी.वाई. के तहत उत्तर प्रदेश में 17 लाख दो हजार 677 लक्ष्य निर्धारित किया गया था. जिसके सापेक्ष 13 लाख 21 हजार 969 महिलाओं को अब तक लाभ दिया जा चुका है. जो कि लक्ष्य के मुकाबले 77 प्रतिशत है.
अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर यूपी की शेष 23 प्रतिशत आबादी को लक्ष्य मानते हुए सभी जिलों में शुक्रवार को ‘सुपोषित जननी विकसित धारिणी’ पखवाड़ा शुरू किया गया है. इस पखवाड़े के दौरान महिलाओं को जागरूक किया जायेगा कि वह पी.एम.एम.वी.वाई. के अंतर्गत मिलने वाले धन का उपयोग अपने लिए पौष्टिक आहार पर ही करें.
अब PayTM के जरिए भी द एम्पल न्यूज़ की मदद कर सकते हैं. मोबाइल नंबर 9140014727 पर पेटीएम करें.द एम्पल न्यूज़ डॉट कॉम को छोटी-सी सहयोग राशि देकर इसके संचालन में मदद करें: Rs 200 > Rs 500 > Rs 1000 > Rs 2000 > Rs 5000 > Rs 10000.












