डिप्टी सीएम ने कैंट विधानसभा क्षेत्र में सांसद खेल महाकुंभ का किया शुभारंभ
कहा- खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही प्रदेश सरकार, बजट किया दोगुना
लखनऊ। हमारे खिलाड़ी देश-दुनिया में उत्तर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार भी खिलाड़ियों का पूरा ध्यान रख रही है। खेल बजट भी दोगुना कर दिया गया है। स्टेडियमों को अत्याधुनिक उपकरणों एवं सुविधाओं से लैस किया गया है। यह कहना है प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का। वे बुधवार को आरडीएसओ स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महाकुम्भ- 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज के युवा खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना रहे हैं। खेलों को लेकर पुरानी कहावतों को बदल रहे थे। अब युवा पढ़ते भी हैं और खेल कर भी नवाब बनते हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि पढ़ाई के साथ अब खेल भी बहुत आवश्यक हैं। खेल न केवल हमारे शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि भविष्य भी उज्ज्वल बनाते हैं।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि खेलों में उच्च स्तरीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार भी प्रोत्साहित कर रही है। सरकारी नौकरियों में स्थान देने के अलावा अन्य माध्यमों से भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब सरकार द्वारा खेलों का बजट भी दोगुना से अधिक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। ग्रामीण स्तर पर सरकार द्वारा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि सांसद खेल महाकुंभ के माध्यम से लखनऊ संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा स्तर पर सीनियर एवं जूनियर (पुरुष-महिला) श्रेणी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर प्रदेश संयोजक, वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ, भाजपा, उत्तर प्रदेश मान सिंह, पार्षद गिरीश मिश्रा, पार्षद नरेंद्र पाल, अपर नगर मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार वर्मा, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी शशांक सिंह, श्री हरशरण लाल गुप्ता, लखविंदर पाल सिंह, सचिन वैश्य, मंडल अध्यक्ष महेंद्र राजपूत, सुमित गुप्ता, मनोज पाल, पवन लोधी, रणवीर सिंह कलसी, सुरेंद्र पासी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।












