लखनऊ। लोक बंधु अस्पताल की नर्स द्वारा नींद की गोलियां खाने का प्रकरण तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को नर्सेस संघ के सदस्यों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा मचाया आैर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि इस पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री व डिप्टी सीएम से की जाएगी।
लोक बंधु अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारियों पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए ओटी इंचार्ज नर्स ने शनिवार सुबह नींद की गोलियां खा ली थी। इस पर उसके परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। नर्स ने पुलिस को दिए बयान में अस्पताल के अधिकारियों पर उसे प्रताड़ित करने करने का आरोप लगाया था। यह भी कहा गया कि अधिकारी राउंड के समय कर्मचारी के वीडियो बना कर अस्पताल के ग्रुप पर डालते हैं। इसके बाद वीडियो की आड़ में कर्मियों की जलील किया जाता है। आरोप है कि लगातार उत्पीड़न किये जाने पर नर्स ने अवसाद में चली गयी आैर नींद की गोलियां खा ली थीं। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। इलाज के बाद नर्स की हालत ठीक बतायी गयी।
रविवार को मामले में उस समय नया मोड़ आया जब नर्स के परिजनों के साथ नर्सेस संघ के पदाधिकारी व सदस्य अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर कर्मियों को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। संघ के पदाधिकारी अशोक का कहना है कि यह गंभीर प्रकरण है यह मामला नजरअंदाज करने वाला नहीं है। इसके लिए वह शासन स्तर पर शिकायत करेंगे आैर न्याय न मिलने पर आंदोलन चलता रहेगा।