लखनऊ। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम कर्मचारी संघ व आयुष फार्मासिस्ट संघ ने संयुक्त रूप से उप्र. में कार्यरत अल्प वेतन भोगी एनएचएम कर्मियों के प्रति सरकार का ध्यान आकृष्ट करने व वेतन बढ़ोतरी के लिए पत्र लिखकर मांग की है। डेटा एंट्री आपरेटर, ऑप्ट्रोमेट्रिस्ट, आयुष फार्मासिस्ट, एएनएम, डेंटल हाईजीनिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट व काउंसलर का वेतन न्यूनतम मानकों से बहुत कम है। आरबीएसके संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद प्रताप सिंह ने मांग की कि जो कर्मचारी 12 से 18 हजार रुपए के अल्प वेतन में कार्य कर रहे हैं। उनको हर साल भारत सरकार से मिलने वाले तीन फीसदी अतिरिक्त बजट से वेतन बढ़ाकर सम्मानजनक स्थिति में दिया जाए। आयुष फार्मासिस्ट संघ के प्रदेश अध्यक्ष अम्मार जाफरी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बड़े पैमाने पर एनएचएम कर्मियों पर निर्भर हैं।










