लखनऊ। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर में बेहोशी की हालत में इलाज कराने पहुंची महिला की मौत हो गयी। डाक्टरों ने कोरोना की जांच करायी तो वह पाजिटिव आ गयी है। फि लहाल महिला का शव पैक कर के परिजनों को सौंपा जा चुका है। अब ट्रामा सेंटर में मरीज के संपर्क में आने वालों को डाक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ को चिन्हित किया जा रहा है। इसके साथ स्वास्थ्य विभाग को भी जानकारी दे दी गयी है, ताकि परिजनों की भी जांच करायी जा सके।
राजधानी के तकिया आजम बैग गोलागंज निवासी 55 वर्षीय रजिया सिद्दकी घर में अचानक बेहोश हो गयी। परिजन उन्हें लेकर के केजीएमयू ट्रामा सेंटर पहुंचे तो यहां पर होल्डिंग एरिया वन में उन्हें रखकर जांच की गई।
वह उच्च ब्लड प्रेशर सहित अन्य समस्याओं से पीड़ित थी। इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गयी। इस बीच उनकी कोरोना का सैम्पल लेकर भेज दिया गया था। मरीज की मौत के बाद संदिग्ध पॉजिटिव मानते हुए पैक करके शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने के बाद ट्रामा सेंटर प्रशासन ने मरीज के सीधे सम्पर्क में आने वालों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। मीडिया प्रभारी डॉक्टर संदीप तिवारी ने बताया कि महिला की सुबह 10 बजे मौत हो गई थी। सीधे सम्पर्क वालों को चिन्हित किया जा रहा है। उन्हें एक्टिव क्वारेंटाइन में रखा जाएगा।















