लखनऊ। प्रदेश के झांसी में मेडिकल कॉलेज में मरीजों के साथ अमानवीय व्यवहार करने पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने दोनों डॉक्टरों को 15-15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। वीडियों के वायरल होने के बाद इसकी जानकारी मिलने पर तत्काल कोई निर्णय न लेने पर मेडिकल कालेज प्रशासन की निंदा हो रही है। वायरल वीडियो में वार्ड नंबर आठ में पलंग पर बच्चे के साथ बैठी महिला उपचार में लापरवाही का आरोप जूनियर डॉक्टरों पर लगा रही है। पलंग के पास ही खड़ा एक युवक भी तैश में आकर जूनियर डॉक्टरों से ऊंची आवाज में बात करता है तो एक जूनियर डॉक्टर उसे समझाने के बजाए, आगे बढक़र उस युवक को पीट देता है। महिला बचाव की मुद्रा में आ जाती है और पिटने वाले युवक को अपनी ओर खींच लेती है।
इसी दौरान एक अन्य जूनियर डॉक्टर युवक के गले में हाथ का फंदा बनाकर उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास करता है, मगर युवक नहीं जाता, तो जूनियर डॉक्टर उसे वहीं छोडक़र भला-बुरा कहते हुए आगे बढ़ जाते हैं। यह सारा मामला सामने बैठे किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और उसका वीडियो वायरल कर दिया। इस मामले पर जब मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) हरिश्चंद्र आर्य से आज बात की गयी तो पहले उन्होंने मामले की जांच कराये जाने का आश्वासन दिया था। बताया जाता है कि मामले को दबाने का प्रयास किया गया था। पर वायरल वीडियों के कारण कुछ समय बाद ही मरीज के साथ ऐसी हरकत करने वाले डॉक्टरों के जांच में दोषी पाये जाने पर दोनों को ही 15-15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया।
बताते चले कि कुछ समय पहले ही इसी मेडिकल कॉलेज में एक मरीज का पैर कटने पर वह कटा पैर ही मरीज के सिर के नीचे रखने जैसे अमानवीय घटना घटी थी जिसकी गाज डाक्टरों सहित प्रधानाचार्य पर भी गिरी थी। इस घटना के कुछ ही दिन बाद यह नया मामला सामने आया है जो इस बात को जाहिर करता है कि यहां मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों का व्यवहार मरीजों के खिलाफ कितना अमानवीय है। फिलहाल तो मरीजों के साथ मारपीट करने वाले इन जूनियर डॉक्टरों को निलम्बित करके मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले को शांत कर दिया है, लेकिन वहां पर लगातार हो रही घटनाओं से मरीजों में रोष व भव व्याप्त है।
अब PayTM के जरिए भी द एम्पल न्यूज़ की मदद कर सकते हैं. मोबाइल नंबर 9140014727 पर पेटीएम करें.
द एम्पल न्यूज़ डॉट कॉम को छोटी-सी सहयोग राशि देकर इसके संचालन में मदद करें: Rs 200 > Rs 500 > Rs 1000 > Rs 2000 > Rs 5000 > Rs 10000.












