लखनऊ। कोरोना का नया वैरिएंट ओमीक्रोन राजधानी पहुंच गया है। जांच में एक साथ आठ लोगों में नए वैरिएंट ओमीक्रान की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। देर रात आई रिपोर्ट में मरीजों के क्षेत्र का व उम्र की जानकारी नहीं मिल सकी है। इसके अलावा राजधानी में 150 में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
मंगलवार को यूपी में 23 लोगों में ओमीक्रोन की पुष्टि हुई है। लखनऊ के आठ लोगों में संक्रमण की पुष्टि के बाद मौजूदा समय में 31 मरीज ओमीक्रोन के हैं।
अभी लखनऊ में ओमीक्रोन की जांच दो वैज्ञानिक संस्थानों में जांच हो रही है। केजीएमयू के माध्यम से इन संस्थानों में नमूने भेजे जा रहे हैं। वहीं दिल्ली भी नमूने भेजे जा रहे हैं। 10 से 12 दिन में जीनोम सिक्वेंसिंग की जांच रिपोर्ट आ रही है। अब तक 700 से अधिक कोरोना संक्रमित व उनके संपर्क में आने वालों के नमूने जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे जा चुके हैं।
दिसंबर के आखिरी सप्ताह में केजीएमयू के माध्यम से करीब 100 लोगों के नमूने भेजे गए थे। इनकी जांच रिपोर्ट आई। स्टेट सर्विलांस ऑफिसर डॉ. विकासेंदु अग्रवाल के मुताबिक लखनऊ के आठ लोगों में ओमीकॉन का पता चला है।
उन्होंने बताया कि ज्यादातर मरीजों के लक्षण नहीं हैं। सभी मरीज होमआईसोलेशन में हैं। ओम्रीकोन मरीजों को भी 12 से 14 दिन घर के एकांतवास में रहने की सलाह दी गई है।
कोविड कमांड सेंटर की टीम मरीजों की सेहत की निगरानी में जुटी है। किसी भी तरह के लक्षण नजर आने पर डॉक्टर की सलाह लें। अस्पताल में भर्ती हो सकते हैं।












