लखनऊ। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय कर्मचारी परिषद ने 28 जनवरी से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दे रखी है। मांगे पूरी न होने की वजह से ही आक्रोशित कर्मचारी आंदोलन करने पर अड़े है। खास बात यह है कि इस आंदोलन को रेजिडेंट डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन से भी समर्थन मिल रहा है। इससे कर्मचारियों का हौसला काफी बढ़ गया है।
कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष प्रदीप गंगवार ने बताया कि शनिवार को रेजिडेंट डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने समर्थन दे दिया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष कावेरी दंदे, सचिव सौरभ श्रीवास्तव समेत अन्य पदाधिकारियों ने चिकित्सा शिक्षा मंत्री को पत्र भेजा है। उसमें कहा है कि कर्मचारी परिषद की मांगें सही हैं आैर पूरा किया जाना चाहिए। उनका एसोसिएशन कर्मचारी परिषद के समर्थन में है। प्रदीप ने बताया कि उन्हें रेजिडेंट डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अलावा केजीएमयू टीचर्स एसोसिएशन और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद प्रदेश का भी समर्थन दो दिन पहले मिल चुका है। वहीं, केजीएमयू के कुलपति डॉ. बिपिन पुरी ने भी शासन स्तर पर अपनी ओर से पत्राचार कर कर्मचारियों की मांगों और आंदोलन के चेतावनी के बारे में जानकारी दे दी है। फिलहाल पहले चरण के आंदोलन में कर्मचारियों ने इमरजेंसी सेवा को प्रभावित न करने का दावा किया है।












