लखनऊ। राजधानी में अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं, जिसका नतीजा ताबड़तोड़ वारदातें हो रहीं हैं। रविवार देर रात गोमतीनगर के विवेकखण्ड में आधा दर्जन असलहाधारी बदमाशों ने रियल स्टेट कारोबारी के घर डकैती डाली। विरोध पर दम्पति की गर्दन पर चाकू और बच्चों की कनपटी पर असलहे तान दिये। डकैतों ने करीब 15 लाख के जेवरात, ढाई लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन समेत अन्य सामान लूट ले गये। पुलिस का कहना है कि डकैतों की तलाश की जा रही है।
गोमतीनगर के विवेकखंड में रहने वाले चमन लाल सोनकर रियल स्टेट कारोबारी हैं। वह पत्नी सुनीता सोनकर, तीन बेटियों कोमल, प्रिया, काजल के अलावा बेटे पियूष के साथ रहते हैं।
चमन लाल ने बताया कि रविवार देर रात करीब ढ़ाई बजे दीवार फांद कर छत के रास्ते से करीब आठ बदमाश घर में दाखिल हो गए। डकैतों ने नकाब लगा रखा था जबकि सभी असलहों से लैस थे। चमन लाल की माने तो करीब चार डकैतों ने उनके कमरे में दाखिल होकर उन्हें व उनकी पत्नी को बंधक बना लिया। जब उन्होंने विरोध जताया तो एक डकैत ने दूसरे कमरे में सोन रहे उनके बेटे पियूष और बेटी काजल को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी देने लगे।
मासूम बच्चों को डकैतों के चंगुल में देख दंपति सहम गए और डकैतों को लॉकर की चाभी दे दी। पीड़ित ने बताया कि डकैतों ने पूरे घर को खंगाला और लॉकर में रखे करीब ढ़ाई लाख रुपए की नगदी और 15 लाख रुपए कीमत के गहने बटोर कर चलते बने। डकैतों के जाने के बाद पीडिघ्त ने सुबह करीब चार बजे गोमतीनगर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कांबिग की लेकिन उनके हाथ कोई सुराग नहीं लगा। इंस्पेक्टर गोमतीनगर विजय मल यादव का कहना है कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
नौकर पर गहराया शक
कारोबारीेे के घर पड़ी डकैती के मामले में पुलिस फिलहाल नौकर पर शक जाहिर कर रही है। यही वजह है कि पुलिस नौकर को हिरासत में रखकर पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस का मानना है कि डकैतों को घर की जानकारी किसी करीबी के जरिए ही मिली है।
एक आईएएस के घर भी पड़ चुका है डाका
गोमतीनगर स्थित फन सिनेमा के करीब रहने वाले एक आईएएस के घर भी करीब डेढ़ साल पहले डाका पड़ चुका है। लेकिन पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर सकी। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कुछ संदिग्धों को पकड़ कर उनके सिर पर घटना का ठीकरा फोडने की कोशिश की थी।
एसएसपी के दावे हुए फेल
राजधानी के निवनियुक्त कप्तान के दावे फेल होते जा रहे हैं। हर दिन राजधानी में ताबड़तोड़ वारदातें हो रहीं हैं लेकिन पुलिस वारदातों पर अंकुश लगाने में अस्मर्थ साबित हो रही है। वहीं गोमतीनगर क्षेत्र में भी वारदातों का सिलसिला लगातार बढ़ गया है।