आदित्य बिरला कैपिटल फाउंडेशन द्वारा प्रदत्त सीएसआर सहयोग से केजीएमयू के क्लीनिकल हिमेटोलॉजी विभाग में स्थापित बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट का लोकार्पण
——
लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के क्लीनिकल हिमेटोलॉजी विभाग में स्थापित बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट का लोकार्पण किया। यह यूनिट आदित्य बिरला कैपिटल फाउंडेशन द्वारा प्रदत्त सीएसआर सहयोग से विकसित की गयी है।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि रक्त विकार किसी जाति, वर्ग, आयु या सीमाओं में बंधे नहीं होते। ये रोग अबोध बच्चों की मुस्कान, युवाओं के सपनों और परिवारों की धैर्यशक्ति पर गहरा प्रभाव डालते हैं। ल्यूकेमिया, थैलेसीमिया और एप्लास्टिक एनीमिया जैसे गंभीर रोग समय पर उपचार न मिलने पर जीवन के लिए चुनौती बन जाते हैं, और ऐसे में अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण अंतिम आशा के रूप में सामने आता है।
राज्यपाल ने कहा कि केजीएमयूमें बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट की स्थापना प्रदेश और देश के लाखों जरूरतमंद परिवारों के लिए नई आशा लेकर आई है।
राज्यपाल ने कहा कि बोन मैरो ट्रांसप्लांट का उपचार अभी भी अत्यंत महंगा है, और कई गरीब मरीज आर्थिक अभाव में उपचार से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में केजीएमयू की यह यूनिट प्रदेश ही नहीं, बल्कि दूर-दराज़ राज्यों के मरीजों के लिए भी जीवनदायी सहारा बनेगी।
राज्यपाल ने कहा कि केजीएमयू में बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट का लोकार्पण प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को नई दिशा देगा और आधुनिक, उन्नत व विश्वस्तरीय चिकित्सा को और अधिक सुलभ बनाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का व्यापक अभियान चलाया गया है। अब तक 40,000 से अधिक बेटियों को यह वैक्सीन दी जा चुकी है, और पुलिस कर्मियों की बेटियों को भी इस अभियान से जोड़कर उन्हें सुरक्षित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है और सरकार पूरी गंभीरता से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कार्य कर रही है।
इस अवसर पर केजीएमयू की कुलपति पद्मश्री डॉ. सोनिया नित्यानंद, प्रमोटर आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन लिमिटेड पद्मभूषण श्रीमती राजश्री बिड़ला, फाउंडर-चेयरमैन कैनकिड्स किड्सकैन श्रीमती पूनम बगई, मैनेजिंग डायरेक्टर आदित्य बिड़ला कैपिटल फांउडेशन लिमिटेड सुश्री विशाखा मूले, विभागाध्यक्ष क्लीनिकल हिमेटोलॉजी विभाग केजीएमयू डॉ एसपी वर्मा, चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर आदित्य बिड़ला कैपिटल फांउडेशन लिमिटेड शुभ्रो भादुड़ी, वरिष्ठ चिकित्सक एवं विशेषज्ञ तथा आदि उपस्थित थे।
——












