देशी शराब के ठेके में घुसकर तोड़फोड़, लूटपाट

0
1216

लखनऊ। मड़ियांव क्षेत्र में कालोनी में खुले देशी शराब के ठेके के विरोध को लेकर रविवार जमकर प्रदर्शन हुआ, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं। प्रदर्शन के दौरन प्रदर्शनकारियों ने जमकर प्रदर्शन किया और दुकान में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके साथ ही वहां रखी शराब की बोतले सड़क पर फेंकने लगे। इस दौरान काफी संख्या में बच्चें भी मौजूद थे। इस मामले में पुलिस ने सेल्समैन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर 6 महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

मड़ियांव थानाध्यक्ष अंजनी पाण्डेय ने बताया कि शराब की दुकान में तोड़फोड़ और प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शराब की दुकान को बंद करवा दिया और जांच का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को भी शांत कराने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने।  कुछ देर के पश्चात् गांव में एकत्र लोगों ने अचानक ठेके पर धावा बोल दिया। ठेके के सेल्समैन देवी प्रसाद जायसवाल का आरोप है कि छत फांदकर कुछ लोग दुकान में घुस गये और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस बीच महिलाओं ने ठेके के गेट में लगा ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गई।

Advertisement

सेल्समैन के मुताबिक उग्र लोग करीब 30 पेटी शराब उठा ले गये। उग्र लोगों ने बीच सड़क पर शराब की बोतले तोड़ना शुरू कर दिया और जमकर बवाल किया। जिससे वहां काफी देर तक अफरातफरी मच रही। बवाल के चलते तिराहे व आसपास के मार्गो पर यातायात बाधित हो गया और भीषण गर्मी में राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मामला बढ़ता देख पुलिस ने उपद्रवियों को वहां से खदेड़ने के साथ ही महिलाओं समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया।

शरारतीतत्वों ने बच्चों को उकसाया –

बीच सड़क पर बोतले तोड़ने वालों में बच्चें भी शामिल थे और लोग उन्हें रोकने के बजाय उनका सहयोग कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शरारतीतत्वों ने बच्चों को वहां आगजनी करने के लिये भी उकसाया लेकिन वहां मौजूद कुछ लोगों ने बच्चों को आगजनी करने से मना किया।

मौके पर पहुंची कई थाने की फोर्स –

मामला बढ़ता देख भारी संख्या में पुलिस फोर्स बुला ली गई और एसपीटीजी दुर्गेश कुमार व अलीगंज थानाध्यक्ष अरूण कुमार सिंह भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गये। वहीं लोगों में खासा आक्रोश है और क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। जिसके चलते शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठेके के आसपास भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

छः महिलाओं समेत आठ गिरफ्तार  –

इस मामले में पुलिस ने सेल्समैन देवी प्रसाद जायसवाल की तहरीर पर दुकान में घुसकर तोड़फोड़ व लूटपाट किये जाने का मुकदमा दर्ज किया है। मड़ियांव थानाध्यक्ष अंजनी पाण्डेय ने बताया कि राजकुमारी, लक्ष्मी, रीता, कांती, रेशमा, मोहिनी, शिवम् व उदित को गिरफ्तार  कर लिया है और अन्य लोगों को चिन्हित किया जा रहा है।

सफाईकर्मियों से हटवाई खाली बोतले –

बीच सड़क पर शराब की बोतले तोड़े जाने के चलते सड़को पर काफी दूर तक खाली बोतले बिखरी दिखाई दी। इस बीच पुलिसकर्मियों ने नगर निगम के सफाईकर्मियों को बुलाकर वहां बिखरी खाली बोतलों को हटवाया।

ठेके से कुछ दूरी पर है प्रतिष्ठित विद्यालय व धार्मिक स्थल –

बेलीगारद तिराहे से कुछ दूरी पर ही केन्द्रीय विद्यालय की अलीगंज शाखा है और पुराना धार्मिक स्थल भी है। बावजूद उसके आवासीय क्षेत्र में पिछले कई वर्षो से देशी शराब का ठेका चल रहा है और माॅडल शाॅप भी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि देशी शराब ठेका व माॅडल शाॅप होने से हमेशा अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और शराब के नशें में लोग लड़कियों व महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी भी करते है। उनका कहना है कि अपराधिक प्रवृत्ति के लोग शराब पीकर उत्पात मचाते है और अक्सर मारपीट भी करते है जिससे बच्चों पर भी बुरा असर पड़ता है।

Previous articleडाक्टर की लापरवाही से लोहिया अस्पताल में प्रसूता की मौत
Next article​पीजीआई में क्रिटिकल केयर में उपचार मिलना आसान नहीं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here